मध्य प्रदेश – रीवा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. सोशल मीडिया के जाने-माने और फेमस यूट्यूबर मनीष पटेल रीवा उर्फ ‘पोक्कभान’ ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है. बीते 29 जनवरी को सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ एक बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में मनीष पटेल की पुलिस को तलाश थी. करीब चार महीने से ज्यादा वक्त तक फरार रहने के बाद अब मनीष पटेल रीवा की सिविल लाइन पुलिस की हिरासत में हैं.
विवादित वीडियो के बाद भड़का था ब्राह्मण समाज
रीवा जिले के खुटहा गांव के रहने वाले मनीष पटेल ने इसी साल 29 जनवरी 2026 को एक कॉमेडी वीडियो बनाकर उसे अपने यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया था. इस वीडियो में ब्राह्मण समाज की युवतियों और बहू-बेटियों को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं.
सोशल मीडिया पर करीब 40 लाख फॉलोअर्स वाले इस यूट्यूबर की इस हरकत से ब्राह्मण समाज में भारी आक्रोश फैल गया. समाज के लोगों ने इस अभद्र टिप्पणी से नाराज होकर रीवा में जमकर धरना-प्रदर्शन किया था. इसके बाद सिविल लाइन पुलिस थाना, रीवा में मनीष पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए थे, लेकिन मनीष पटेल लगातार फरार चल रहा था.
हाई कोर्ट से झटका लगते ही रीवा पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण
फरारी के दौरान मनीष पटेल ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी लगाई थी, लेकिन अदालत ने उनकी इस याचिका को सिरे से खारिज कर दिया. हाई कोर्ट से झटका लगने और रीवा पुलिस के चौतरफा दबाव के चलते आखिरकार आरोपी यूट्यूबर के पास कोई रास्ता नहीं बचा. अंततः उन्होंने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया.
पुलिस रिमांड पर आरोपी, मोबाइल जब्त और लैपटॉप की तलाश जारी
रीवा के सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह ने पत्रकारों को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी मनीष पटेल को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है.आरोपी मनीष पटेल के पास से वह मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है, जिसका इस्तेमाल विवादित और आपत्तिजनक टिप्पणी को पोस्ट करने में किया गया था. फिलहाल पुलिस आरोपी के कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य दस्तावेजों को भी खंगाल रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाया जा सके.

