मुंबई: महाराष्ट्र के बीड में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। जहां एक नाबालिग बेटी को सबसे ज्यादा सुरक्षित महसूस होना चाहिए था, वहीं उसी घर में उसके साथ हैवानियत होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 साल की मासूम के साथ उसके ही चचेरे भाई और सगे दादा ने दरिंदगी की। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, खेत में बकरियां चराने के दौरान चचेरा भाई लगातार उसके साथ जबरदस्ती करता रहा। वहीं घर में अकेले होने पर सगे दादा ने भी उसका शोषण किया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है।
कैसे हुआ मामले का खुलासा?
हैरानी की बात ये है कि आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर लंबे समय तक चुप रहने पर मजबूर किया। इस दौरान यह मासूम अपने ही घर में अपनों के बीच डर, मानसिक प्रताड़ना और दर्द सहती रही, लेकिन जब शरीर की तकलीफ असहनीय हो गई, तब डॉक्टर के सामने उसने अपनी आपबीती सुनाई और इस दिल दहला देने वाले मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
आरोप है कि चेचरे भाई ने लड़की के हाथ बांध दिए थे और उसके मुँह में एक रुमाल ठूंस दिया था। इसके बाद उसने दरिंदगी की। इस घटना के बाद वह और उसका परिवार शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंचे। वहां पूरी रात बिताने के बाद सुबह 5 बजे इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पीड़िता को मेडिकल जांच करवाने के लिए भेजा गया।
पीड़िता के मेडिकल में भी लापवारही
इस पर पीड़िता को लेकर उसका परिवार सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल में सुबह 11 बजे पहुंचा। वहां उन्हें बताया गया कि महिला स्त्री रोग विशेषज्ञ मौजूद नहीं हैं। इसके बाद 10 घंटे तक वह इंतजार करते रहे। रात 9 बजे तक भी जरूरी डॉक्टर वहां मौजूद नहीं थे। स्वास्थ्य विभाग की इस लापरवाही से पीड़िता के परिवार और स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा फैल गया।

