मोगा : मोगा जिले के गांव कपूरे में सुबह के समय अज्ञात युवकों द्वारा बधनीकलां निवासी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श के सिर में गोलियां मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मृतक थाना बधनीकलां तथा थाना मैहना में दर्ज मामलों में भगौड़ा चला आ रहा था। इस संबंध में मृतक की माता अमरजीत कौर निवासी बधनीकलां की शिकायत पर 2 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ थाना मैहना में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

घटना की जानकारी मिलने पर थाना मैहना के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह पुलिस पार्टी सहित वहां पहुंचे और उन्होंने फोरेंसिक एवं फिंगर प्रिंट माहिरों की टीम को मौके पर बुलाया। पुलिस ने मृतक युवक के शव के पास से 2 चले हुए कारतूसों के खोल तथा 2 जिंदा कारतूस बरामद किए, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह ने बताया कि उन्हें आज गांव कपूरे के पूर्व सरपंच इकबाल सिंह ने फोन कर सूचित किया था कि गांव में एक युवक की गोली लगने से मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही वे तुरंत वहां पहुंचे और उसकी पहचान कर परिजनों को सूचित किया, जिस पर मृतक की माता अपने अन्य सदस्यों के साथ वहां पहुंची।

पुलिस को दिए शिकायत पत्र में अमरजीत कौर ने कहा कि वह मेहनत-मजदूरी का काम करती है। उसका छोटा बेटा हर्शप्रीत सिंह शराब के केस में सेंट्रल जेल फरीदकोट में बंद है जबकि अर्शदीप सिंह के खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं। अर्श को थाना बधनीकलां तथा थाना मैहना में दर्ज मामलों में भगौड़ा घोषित किया गया था, जिस कारण वह अपनी गिरफ्तारी से डरता हुआ अपने घर में ही रहता था। उसने अर्श को कई बार पेश होने के लिए कहा भी था।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह ने बताया कि वह उक्त हत्या मामले को गंभीरता से ले रहे हैं। इलाके में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही हत्या का सुराग मिल जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि शव को सिविल अस्पताल मोगा से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अज्ञात हमलावरों की पहचान कर काबू करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031
Exit mobile version