शेफ आकांक्षा राॅय के द्वारा निर्मित आम के व्यंजनों ने मन मोह लिया

रायपुर – इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव में आमों की सुगंध और स्वाद से रायपुर शहर सराबोर हो गया है। महोत्सव के दूसरे दिन बड़ी संख्या में आम प्रेमी एवं दर्शक पहुँचे। आगंतुकों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित आम की विभिन्न दुर्लभ, लोकप्रिय एवं उन्नत किस्मों का अवलोकन कर उनकी विशेषताओं, स्वाद, रंग, आकार एवं उत्पादन संबंधी जानकारी प्राप्त की। प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा राॅय द्वारा आम प्रेमियों को आमों के विभिन्न व्यंजनों की रेसिपी सिखाई गई। उनके द्वारा बनाये गए आमों के विभिन्न व्यंजनों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

आम महोत्सव में विभिन्न राज्यों से आए आम उत्पादक कृषक द्वारा आम की विविध किस्मों के फलों का विक्रय किया जा रहा है। विक्रय स्टॉलों पर भी लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। आगंतुकों ने अपनी पसंदीदा किस्मों के आमों की खरीदारी की। अल्फांसों, केसर, दशहरी, फज़ली और अरूणिमा किस्मों की अधिक मांग रही। महोत्सव में आम की विविधता, स्वाद और कृषि नवाचारों को करीब से जानने का अवसर मिलने से दर्शकों में विशेष उत्साह देखा गया। यह आयोजन आम उत्पादकों, उद्यमियों एवं आम प्रेमियों के लिए ज्ञान, व्यापार और स्वाद का एक अनूठा मंच बनकर उभर रहा है।

विशेषज्ञों ने आम उत्पादन एवं प्रबंधन के सिखाए गुर
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय आम महोत्सव के द्वितीय दिवस तकनीकी सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कृषकों ने भाग लिया। सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने आम की खेती से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। कृषकों के साथ आम उत्पादन, पौध रोपण की वैज्ञानिक विधियों, उन्नत किस्मों के चयन, कीट एवं रोग प्रबंधन, पोषण प्रबंधन तथा बागवानी की आधुनिक तकनीकों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान किसानों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञों ने समाधान प्रस्तुत करते हुए व्यावहारिक सुझाव भी दिए। तकनीकी सत्र में आम उत्पादन की लागत कम करने, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन बढ़ाने तथा बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने के उपायों पर भी मार्गदर्शन दिया गया। इस संवादात्मक सत्र से कृषकों को आम उत्पादन से जुड़ी नई तकनीकों एवं वैज्ञानिक प्रबंधन पद्धतियों की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई, जो भविष्य में उनकी आय वृद्धि और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में सहायक होगी।

मैंगो व्यंजन प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, उद्यानिकी विभाग एवं प्रकृति की ओर सोसायटी द्वारा आयोजित आम महोत्सव में आम के बने व्यंजनों की प्रतियोगिता आयोजित की गई। निर्णायक एवं मुख्य वक्ता प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा राय द्वारा आम के विभिन्न व्यंजनों की रेसिपी बताई गई। मुख्य अतिथि श्रीमती ममता चंदेल अध्यक्ष, जय हरीतिमा लेडिस क्लब रायपुर द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया। व्यंजन प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार शंपा यादव, द्वितीय पुरस्कार अंशिका नायक तथा तृतीय पुरस्कार सान्वी नायडू को प्राप्त हुआ ।

आम प्रदर्शनी में आमों की विविध किस्में मौजूद हैं जिनमें बेर के आकार वाले “लड्डू आम” के साथ ही पपीते के आकार वाले ” हाथी झूल” आम दर्शकों के आकर्षण का केंद्र हैं.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031
Exit mobile version