वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से एक नया कीर्तिमान और जुड़ने जा रहा है. धर्म-अध्यात्म की नगरी काशी में दुनिया का सबसे ऊंचा शिवलिंग स्थापित होने वाला है. शिव थीम पर बनने वाले वर्ल्ड लेवल अर्बन पार्क में ये शिवलिंग स्थापित होगा. 100 करोड़ की लागत से वाराणसी के भेलूपुर जलकल विभाग के 20 एकड़ की भूमि पर ये पार्क बनेगा. शासन की ओर से भी मंजूरी मिल चुकी है. अगले 8-9 महीनों में शिव थीम पार्क दुनिया के सबसे ऊंचे शिवलिंग के साथ बनकर तैयार भी हो जाएगा.

शिवलिंग के चारों ओर शानदार घूमने का रास्ता, शिवलिंग पर लेजर शो, बच्चों के लिए हाईटेक झूले, ओपन आर्ट गैलरी, फूड कोर्ट और ओपन आर्ट गैलरी भी होगी. इसमें काशी के पद्म पुरस्कार से सम्मानित हस्तियों और विभूतियों की उपलब्धियों के बारे में भी बताया जाएगा. 

वाराणसी के भेलूपुर में सबसे ऊंचा शिवलिंग

वाराणसी नगर निगम के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने ये जानकारी दी है. उनका कहना है कि बनारसवासियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा देना और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए ये एक बहुत बड़ा प्रयास है. शिव थीम पर 20 एकड़ के क्षेत्रफल में अर्बन पार्क वाराणसी के भेलूपुर के जलकल कैंपस में बनेगा. इसका टेंडर भी निकाल दिया गया है. दुनिया के सबसे बड़े शिवलिंग वाले इस पार्क को शिव थीम पर विकसित किया जाएगा. यहां प्लैनेटोरियम बनाने की भी योजना है, ताकि युवाओं और बच्चों को ब्रह्मांडीय विज्ञान और खगोलशास्त्र से जोड़ा जा सके.

सबसे लंबा शिवलिंग काशी में बनेगा

साथ ही ओपन आर्ट गैलरी भी विकसित होगी और बड़ा सिटी पार्क बनाया जाएगा. उन्होंने आगे बताया कि यह विश्व का सबसे ऊंचा 130 फिट का शिवलिंग होगा. इसे कहीं ज्यादा और ऊंचा करने को लेकर भी शोध हो रहा है. अभी यही योजना है कि विश्व का सबसे ऊंचा शिवलिंग स्थापित हो.शहर के बीचों-बीच ये पार्क भारी मात्रा में ऑक्सीजन देने वाले पौधे और सघन हरित क्षेत्र में विकसित होगा. पर्यटकों के लिए वॉकिंग ट्रैक, बुजुर्गों के लिए लाइब्रेरी, फूड प्लाजा, आधुनिक किड्स प्ले ज़ोन और एक विशाल पार्किंग स्थल बनाया जाएगा.

अभी सबसे ऊंचा शिवलिंग कहां

अभी सबसे ऊंचे मानव निर्मित शिवलिंगों में केरल के चेंगल का महालिंगम 111 फीट लंबा है. बिहार के पूर्वी चंपारण में बन रहे विराट रामायण मंदिर का अखंड शिवलिंग 33 फीट का है. ऐसे में वाराणसी का शिवलिंग ऊंचाई और लंबाई में इन सबसे काफी आगे निकल जाएगा.

शिव तत्व की थीम

इस पूरे 20 एकड़ के पार्क की थीम शिव तत्व पर आधारित होगी. पार्क इस तरह डिजाइन किया जाएगा कि वहां आने वाले लोगों को आध्यात्मिक शांति का अनुभव हो. इस परिसर को केवल एक धार्मिक स्थल के रूप में नहीं, बल्कि पर्यावरण, ज्ञान-विज्ञान और शहरी पर्यटन के एक बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है. यहां एक डिजिटल और आधुनिक म्यूजियम बनेगा.  काशी की प्राचीन धरोहरों, ऐतिहासिक मंदिरों और पौराणिक गाथाओं को सहेजकर प्रदर्शित किया जाएगा.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version