हरियाणा के हिसार जिले के हांसी कस्बे में आज (गुरुवार) सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। फव्वारा चौक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक जिम संचालक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। इस पूरी वारदात को महज कुछ सेकेंड में अंजाम दिया गया, जिसमें करीब 10 राउंड फायरिंग की गई।

सुबह की एक्सरसाइज के दौरान हुआ हमला

सामने आई जानकारी और CCTV फुटेज के अनुसार यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है। जिम संचालक रोज की तरह फव्वारा चौक के पास दुकानों के बाहर बने रैंप पर युवाओं को एक्सरसाइज करवा रहा था। कई युवक-युवतियां वहां एक्सरसाइज कर रहे थे, तभी अचानक बाइक पर सवार दो हमलावर मौके पर पहुंचे। दोनों बदमाशों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए मुंह कवर कर रखा था। उन्होंने बिना किसी चेतावनी के बेहद नजदीक से जिम संचालक पर फायरिंग शुरू कर दी। देखते ही देखते पीठ और सिर को निशाना बनाते हुए लगभग 10 गोलियां दागी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

5 सेकेंड में वारदात को दिया अंजाम

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, पूरी घटना को कुछ ही सेकंड में अंजाम दिया गया, महज 5 सेकेंड के भीतर आरोपियों ने हमला किया और तुरंत बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए।

एक युवती भी हुई घायल

इस दौरान जिम के बाहर वार्म-अप कर रही शिखा नाम की युवती भी गोली के छर्रों की चपेट में आ गई। वह घायल हो गई, जिसे तुरंत हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है।

पुलिस जांच को लग रहा ऑनर किलिंग का मामला

घटना की सूचना मिलते ही हांसी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया। फॉरेंसिक टीम को भी सबूत जुटाने के लिए बुलाया गया है। प्रारंभिक जांचके अनुसार मृतक ने हाल ही में लव मैरिज की थी। इसी आधार पर पुलिस मामले को ऑनर किलिंग या पुरानी रंजिश के एंगल से भी जांच रही है।

आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस टीम आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version