लुधियाना : थाना डाबा क्षेत्र में 32 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या किए जाने का मामला की सी.सी.टी.वी. फुटेज सामने आई है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम का माहौल है। परिजनों ने हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश और सुनियोजित साजिश होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि युवक को उसके ही रिश्तेदार घर से बहाने से बुलाकर ले गए और पहले से बनाई गई योजना के तहत उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
परिवार में मचा कोहराम
मृतक के परिजनों के अनुसार घटना वाले दिन युवक को उसके ताया के बेटे ने फोन कर घर से बुलाया था। परिवार का आरोप है कि युवक को जानबूझकर एक सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां पहले से मौजूद लोगों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं बल्कि पूरी तरह से रची गई साजिश का नतीजा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ रिश्तेदार लंबे समय से युवक के खिलाफ रंजिश रखते थे और उसी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। परिवार ने पुलिस से मांग की है कि हत्या की साजिश रचने वाले सभी लोगों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की जाए।
CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी को तो गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन जिस रिश्तेदार ने युवक को घर से बुलाकर आरोपियों तक पहुंचाया, उसके खिलाफ अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे परिवार में नाराजगी है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी कब्जे में लेकर खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले हर पहलू को गंभीरता से देखा जा रहा है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
उधर, थाना डाबा के एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मृतक के ताया के बेटे का नाम भी जांच में शामिल किया गया है तथा उसकी भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है, जबकि पीड़ित परिवार इंसाफ की मांग को लेकर प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपेक्षा कर रहा है।

