यूपी के बस्ती जिले के एक छोटे से गांव के पांच युवाओं ने ऐसा काम कर दिखाया है, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है. गांव लजघटा में रहने वाले इन युवाओं ने बिना किसी सरकारी मदद और बिना किसी बड़े अभियान के मनोरमा नदी की सफाई का बीड़ा उठाया. आज उनकी मेहनत की वजह से वह नदी, जो कभी कूड़े-कचरे से भरी रहती थी फिर से साफ- सुथरी दिखाई दे रही है. नदी की सफाई करते हुए युवाओं की वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया जमकर वायरल हो रही है.
50 दिनों की मेहनत लाई रंग
वीडियो में बताया गया है कि मनोरमा नदी की हालत पहले बेहद खराब थी. नदी में इतना कचरा जमा था कि लोग वहां जाने से भी कतराते थे. यहां तक कि जानवर भी नदी के पास नहीं आते थे. ऐसे में गांव के पांच युवाओं ने मिलकर नदी को साफ करने का फैसला किया. लगातार करीब 50 दिनों तक मेहनत करने के बाद उन्होंने नदी का रूप ही बदल दिया.
अब लोग नहा रहे और जानवर पी रहे पानी
युवाओं की मेहनत का नतीजा अब साफ दिखाई दे रहा है. जिस नदी के पास कोई जाना नहीं चाहता था, वहां अब लोग नहाने पहुंच रहे हैं. वहीं जानवर भी नदी का पानी पीते नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर लोग इस बदलाव को देखकर हैरान हैं और युवाओं की सराहना कर रहे हैं.
बिना मदद के किया बड़ा काम
युवाओं ने वीडियो में दावा किया है कि इस सफाई अभियान में न तो गांव के लोगों ने कोई खास मदद की और न ही सरकार की ओर से कोई सहयोग मिला. युवाओं का कहना है कि अगर कुछ बच्चे अपनी नदी को अपने दम पर साफ कर सकते हैं, तो वे और भी कई बड़े बदलाव ला सकते हैं.
सोशल मीडिया पर मिला लाखों लोगों का प्यार
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर myvillagevlogs12 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो को अब तक 21.5 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है. वहीं करीब 20 लाख लोगों ने इसे लाइक किया है. वीडियो लगातार वायरल हो रहा है और लोगों का दिल जीत रहा है.
यूजर्स बोले यही हैं देश के असली हीरो
वीडियो पर लोगों ने युवाओं की जमकर तारीफ की है. एक यूजर ने लिखा कि देश को बदलने का सबसे अच्छा उदाहरण यही है. सिर्फ सवाल मत पूछो, उसका जवाब भी बनो. मेरे देश का असली Gen Z यही है. एक अन्य यूजर ने कहा कि सलाम है आप सबको. भारत को ऐसे ही युवाओं की जरूरत है, जो समाज और देश के लिए आगे आएं. वहीं एक यूजर ने लिखा कि बहुत शानदार काम. पूरे देश को आप पर गर्व है. एक अन्य यूजर ने कमेंट में कहा कि अगर हर व्यक्ति अपने आसपास की गंदगी साफ करने की जिम्मेदारी ले ले, तो स्वच्छ भारत का सपना बहुत जल्द पूरा हो सकता है.
Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. पोर्टल इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)

