छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा न्यू सर्किट हाउस परिसर, नवा रायपुर अटल नगर में मंडल के नवीन लोगो के विमोचन एवं आवास मेला-2025 के भाग्यशाली हितग्राहियों को उपहार वितरण समारोह का आयोजन किया गया कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के नवीन लोगो का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी तथा मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयासरत है। उन्होंने मंडल द्वारा संचालित योजनाओं एवं नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि नवीन लोगो मंडल की नई सोच, विकास की दिशा और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

इस अवसर पर यह भी उल्लेख किया गया कि आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से छत्तीसगढ़ विधानसभा में विधेयक पारित कर छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड का नाम परिवर्तित कर “छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल” किया गया है। इस संबंध में राजपत्र अधिसूचना का प्रकाशन 17 मार्च 2026 को किया गया तथा 24 अप्रैल 2026 को विधानसभा से प्रकाशित राजपत्र में इसकी स्वीकृति प्रदान की गई। इस महत्वपूर्ण बदलाव के साथ मंडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित न रहकर अधोसंरचना विकास के विविध क्षेत्रों में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।

छत्तीसगढ़ विधानसभा द्वारा मंडल के कार्यों को व्यापक विस्तार देने एवं आवास निर्माण के साथ-साथ अधोसंरचनागत विकास के कार्यों में सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अधिनियम, 1972 में आवश्यक संशोधन को मंजूरी प्रदान की गई है। संशोधन के पश्चात मंडल अब विभिन्न आय वर्गों, विशेषकर कमजोर, निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के नागरिकों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के अपने मूल उद्देश्य के साथ-साथ अधोसंरचना विकास, पुनर्विकास, सार्वजनिक-निजी सहभागिता (PPP) आधारित परियोजनाएं, मिश्रित भूमि उपयोग, नगर विकास योजनाएं तथा राज्य शासन द्वारा सौंपे गए विशेष कार्यों का भी प्रभावी क्रियान्वयन कर सकेगा।

मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि मंडल प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण, किफायती एवं आधुनिक आवासीय सुविधाओं के विकास हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि संशोधित स्वरूप में मंडल पुलों, सड़कों, राजमार्गों, हवाई अड्डों, जल प्रदाय प्रणालियों एवं माल परिवहन अवसंरचनाओं के विकास एवं क्रियान्वयन में भी भागीदारी निभा सकेगा। साथ ही यह नगर विकास प्राधिकरणों, स्थानीय निकायों एवं अन्य संस्थाओं को तकनीकी, प्रशासनिक तथा वित्तीय क्षमता संवर्धन के लिए परामर्श एवं सहयोग भी उपलब्ध कराएगा। मंडल को एक सशक्त अर्बन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बढ़ती शहरी आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क चौड़ीकरण, शहरी एवं औद्योगिक क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क, द्रुतगामी सड़क संपर्क योजनाएं, 2-लेन एवं 4-लेन कॉरिडोर निर्माण तथा समग्र शहरी विकास की विभिन्न परियोजनाओं में भी मंडल सक्रिय भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 के अंतर्गत 23 नवंबर 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक मंडल की विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक योजनाओं में पंजीयन कराने वाले पात्र हितग्राहियों के लिए आयोजित लक्की ड्रॉ के चयनित विजेताओं को कार, बाइक, स्कूटी, रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन, टेलीविजन सहित विभिन्न आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। उपहार प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने मंडल की इस अभिनव पहल के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।

इस अवसर पर आयोजित लोगो डिज़ाइन प्रतियोगिता के विजेता रचनाकार को ₹2.50 लाख की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। उपस्थित अतिथियों ने विजेता को बधाई देते हुए उनके सृजनात्मक योगदान की सराहना की।

मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि मंडल का नवीन लोगो संस्था की आधुनिक कार्यशैली, नवाचार, जनविश्वास तथा विस्तारित दायित्वों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मंडल केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में बेहतर जीवन-स्तर, सुव्यवस्थित अधोसंरचना और समग्र शहरी विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी भाग्यशाली हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी मंडल की योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।

मंडल के आयुक्त श्री अवनीश कुमार शरण ने कहा कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल हितग्राही-केंद्रित योजनाओं एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली के माध्यम से नागरिकों का विश्वास अर्जित कर रहा है। उन्होंने बताया कि मंडल द्वारा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आवासीय एवं व्यावसायिक परियोजनाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही अधोसंरचना विकास के नए आयामों पर कार्य करते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास में योगदान दिया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी हितग्राहियों एवं मंडल के अधिकारी-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
Exit mobile version