बॉलीवुड में जब भी रोमांस, दर्द और इंटेंस लव स्टोरी की बात होती है तो इमरान हाशमी का नाम सबसे पहले याद आता है। एक दौर ऐसा था जब उनकी फिल्मों के गाने और इमोशनल कहानियां युवाओं की पहली पसंद हुआ करती थीं। अब एक बार फिर वही दौर लौटता नजर आ रहा है। लंबे इंतजार के बाद मेकर्स ने ‘आवारापन 2’ का पहला टीजर रिलीज कर दिया है, जिसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।
इमरान हाशमी एक बार फिर पुराने अंदाज में लौटे
टीजर में इमरान हाशमी का वही पुराना इंटेंस और रोमांटिक अवतार देखने को मिलता है, जिसने उन्हें बॉलीवुड का ‘सीरियल किसर’ ही नहीं बल्कि रोमांटिक फिल्मों का बड़ा चेहरा भी बनाया था। इस बार उनके साथ दिशा पाटनी नजर आएंगी और दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्साह है। सबसे खास बात ये है कि फिल्म सिर्फ कहानी ही नहीं, बल्कि अपने संगीत के दम पर भी दर्शकों का दिल जीतने की तैयारी में है। पहली ‘आवारापन’ की तरह इस बार भी संगीत पर खास जोर दिया गया है। मेकर्स ने एक बार फिर संगीतकार मिथून और गीतकार सईद कादरी की सुपरहिट जोड़ी को साथ लाया है। यही वजह है कि दर्शकों को पुराने दौर की यादें ताजा होने की उम्मीद है।
फिल्म में रोमांस-इंटीमेसी का भी लगा तड़का
फिल्म में ‘तो फिर आओ’ और ‘तेरा मेरा रिश्ता’ जैसे सदाबहार गीतों को नए अंदाज में पेश किया जाएगा। इसके अलावा एक बिल्कुल नया रोमांटिक ट्रैक भी फिल्म का हिस्सा होगा, जिस पर फिलहाल काम जारी है। माना जा रहा है कि संगीत फिल्म की सबसे बड़ी यूएसपी बनने वाला है।
फिल्म ‘आवारापन 2’ के बारे में
‘आवारापन 2’ का निर्देशन नितिक कक्कड़ कर रहे हैं, जबकि निर्माता विशेष भट्ट हैं। निर्माता का कहना है कि जब फिल्म की भावनात्मक दुनिया को संगीत के जरिए मजबूत बनाने की बात आई तो उन्हें सबसे पहले मिथून और सईद कादरी का ही ख्याल आया। उनके अनुसार, दोनों कलाकार भावनाओं को धुन और शब्दों में ढालने की अनोखी क्षमता रखते हैं और यही फिल्म की कहानी की सबसे बड़ी जरूरत थी।
टीजर देखने के बाद फैंस ने दिया रिएक्शन
टीजर देखने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों का मानना है कि इमरान हाशमी एक बार फिर उसी शैली में वापसी कर रहे हैं, जिसने उन्हें करोड़ों दर्शकों का पसंदीदा बनाया था। खासकर फिल्म के विजुअल्स, बैकग्राउंड स्कोर और रोमांटिक टोन को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। एक यूजर ने लिखा- ‘अक्खा बॉलीवुड एक तरफ और इमरान हाशमी एक तरफ’
14 अगस्त को रिलीज हो रही फिल्म
अब सभी की नजरें फिल्म की रिलीज पर टिकी हैं। ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अगर फिल्म अपने टीजर और संगीत से बनी उम्मीदों पर खरी उतरती है, तो ये इमरान हाशमी के करियर की एक और यादगार रोमांटिक फिल्म साबित हो सकती है।

