चमोली: बरसात शुरू होने के साथ ही बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग गुलाब कोटि के पास सड़क पर पत्थर आने के कारण बंद है। जिस कारण फिलहाल बद्रीनाथ यात्रा रुकी हुई है। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सड़क मार्ग को खोलने में जुटी हैं।
जल्द ही बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के सुचारु होने की संभावना है फिलहाल यात्रियों के वाहन सड़क के दोनों तरफ फंसे हुए हैं। पहाड़ों में मानसून की दस्तक के साथ ही झमाझम बारिश शुरू हो गई है 24 घंटे से रुक रुक कर हो रही बारिश के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया है। गुलाब कोटि के पास सड़क पर मलवा आने के कारण सड़क गुरुवार सुबह से ही बंद पड़ी हुई है। सड़क खोलने का कार्य लगातार किया जा रहा है।
14 लाख तीर्थ यात्री दर्शन कर चुके
चमोली पुलिस की और से जानकारी दी गई है कि बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग सुबह 7:45 बजे से गुलाबकोटी के पास सड़क धंसने एवं मलबा आने के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया है। मार्ग खोलने का कार्य संबंधित विभाग द्वारा जारी है। यात्रियों से अनुरोध है कि पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। मार्ग सुचारु होते ही अगली सूचना साझा की जाएगी।
बरसात का मौसम शुरू होने के साथ ही चार धाम यात्रा में आने वाले तीर्थ यात्रियों की संख्या भी सीमित हो गई है। बरसात के दौरान अक्सर इन इलाकों में भूस्खलन जैसी घटनाएं देखने को मिलती है जिस कारण बरसात के 2 महीने यात्रा सीमित हो जाती है। 23 अप्रैल को भगवान बद्री विशाल की यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक लगभग 14 लाख तीर्थ यात्री भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर चुके हैं पिछले वर्षों के मुताबिक इस बार रिकॉर्ड यात्री बद्रीनाथ धाम पहुंचे हैं हालांकि बरसात शुरू होने के बाद यात्रा की संख्या में गिरावट आ जाती है क्योंकि बरसात के दौरान पहाड़ी इलाकों में यात्रा करना थोड़ा सा कठिन हो जाता है।

