भोपाल। प्रदेश के सीहोर जिले में सोमवार दोपहर आष्टा-पचोर-शुजालपुर मार्ग पर ग्राम मेना गोदी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
वाहन से उछलकर दूर गिरे तीन लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। तीन लोग वाहन से करीब 15 से 20 फीट दूर जा गिरे, जबकि चालक सहित कई लोग बोलेरो में फंस गए। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।
राजगढ़ से आष्टा जा रहे थे
आष्टा एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने बताया कि बोलेरो में कुल 9 लोग सवार थे। सभी राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के भियापुरा गांव के निवासी थे और इलाज कराने आष्टा जा रहे थे। मृतकों और घायलों में राजाराम सुंदर (45), भगवान (50), इंदर सिंह (55), राधेश्याम (38), बनेसिंह (22), गुलाबचंद (30), हेमराज (25), देवीराम (60) और अमरसिंह (45) शामिल हैं।
घायलों को भोपाल किया रेफर
हादसे में दो लोगों के पैर टूट गए, जबकि अन्य के सिर में गंभीर चोटें आईं। सभी घायलों को पहले सिविल अस्पताल आष्टा ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल सीहोर और बाद में गंभीर हालत होने पर भोपाल रेफर किया गया।

