झालावाड़: राजस्थान में झालावाड़ जिले की ऐतिहासिक धरोहरों में शुमार बकानी किले के संरक्षण और पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक उपलब्धि हासिल हुई है। लंबे समय से लंबित प्रक्रिया पूरी होने के बाद बकानी किले का गढ़ परिसर अब आधिकारिक रूप से पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के नाम दर्ज हो गया है। इससे किले के संरक्षण, जीर्णोद्धार और पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।

किले के संरक्षण और विकास संबंधी योजनाओं पर होगा कार्य

जानकारी के अनुसार, एसडीओ न्यायालय के आदेश की पालना में राजस्व रिकॉर्ड में संशोधन करते हुए गढ़ परिसर की करीब 0.6070 हेक्टेयर भूमि पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के नाम दर्ज की गई है। यह कार्रवाई पटवारी, भू-अभिलेख निरीक्षक एवं झालावाड़ तहसील प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर पूरी की गई। भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब विभाग किले के संरक्षण और विकास संबंधी योजनाओं पर प्रभावी ढंग से कार्य कर सकेगा।

ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है बकानी किला

बकानी किला हाड़ौती अंचल की प्रमुख ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है। इतिहासकारों के अनुसार यह किला कोटा रियासत और मराठा काल के संघर्षों का साक्षी रहा है। इसकी स्थापत्य कला और ऐतिहासिक महत्व इसे जिले की महत्वपूर्ण विरासतों में स्थान दिलाते हैं। लंबे समय से संरक्षण के अभाव में किले के कई हिस्सों को नुकसान पहुंचा है, जिसे देखते हुए स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और इतिहास प्रेमी लगातार इसके संरक्षण की मांग कर रहे थे।

रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ने की संभावना

अब भूमि पुरातत्व विभाग के नाम दर्ज होने से किले के संरक्षण, मरम्मत, सौंदर्याकरण, प्रकाश व्यवस्था, पर्यटक सुविधाओं के विकास और ऐतिहासिक स्वरूप को संरक्षित रखने के कार्यों का मार्ग प्रशस्त हो गया है। साथ ही भविष्य में यहां पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ने की संभावना है।

किले के संरक्षण और विकास कार्य जल्द होंगे शुरू

प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग शीघ्र ही बकानी किले के संरक्षण एवं विकास कार्य शुरू करेगा। इससे यह ऐतिहासिक धरोहर न केवल सुरक्षित रहेगी, बल्कि झालावाड़ जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी नई पहचान भी स्थापित करेगी।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version