नई दिल्ली। देश में कोरोना टीकाकरण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तमाम मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की. मीटिंग में पीएम ने बताया कि कोरोना वॉरियर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी. वहीं इस बैठक में सभी राज्यों ने टीकाकरण अभियान को लेकर तैयारियों का ब्योरा पेश किया. वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये हुई यह बैठक इसलिए अहम है, क्योंकि देश में 16 जनवरी से टीकाकरण अभियान शुरू हो रहा है. पीएम मोदी ने कोरोना वैक्सीन को लेकर अफवाहों से बचने की सलाह दी. पीएम ने कहा कि इस तरह की अफवाहों पर लगाम लगाने की जिम्मेदारी राज्यों की है. कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर वैज्ञानिक समुदाय की सलाह के आधार पर हम काम करते रहेंगे, हम उसी दिशा में चले हैं. पीएम मोदी ने कहा कि ये हम सभी के लिए गौरव की बात है कि जिन दो वैक्सीन को इमरजेंसी यूज का ऑथराइजेशन दिया गया है वो दोनों ही मेड इन इंडिया हैं. भारत को टीकाकरण का जो अनुभव है, जो दूर-सुदूर क्षेत्रों तक पहुंचने की व्यवस्थाएं हैं वो कोरोना टीकाकरण में बहुत काम आने वाली हैं. मुख्यमंत्रियों संग बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि सबसे पहले फ्रंट लाइन वर्कर्स को कोरोना का वैक्सीन लगेगा. इसके बाद सफाई कर्मियों को टीका लगेगा. इसके बाद पुलिसकर्मियों, सुरक्षाकर्मियों, सुरक्षा बल के जवानों को कोरोना का वैक्सीनेशन होगा. दूसरे चरण में 50 वर्ष से ऊपर के लोगों और जो लोग संक्रमण के लिए ज्यादा संवेदनशील हैं, उन्हें टीका लगेगा. वैक्सीन की तैयारियों को लेकर पीएम मोदी की अभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों संग बैठक चल रही है. अभी गृह मंत्री अमित शाह इस मीटिंग को संबोधित कर रहे हैं. इसमें वैक्सीनेशन की तैयारियों को लेकर चर्चा चल रही है.

