चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी विवाद के बीच कांग्रेस हाईकमान ने मामले को गंभीरता से लिया है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब मामलों के प्रभारी भूपेश बघेल को देर रात दिल्ली वापस तलब किया। बताया जा रहा है कि बघेल पंजाब दौरे के बाद रायपुर लौट गए थे, लेकिन हाईकमान ने उन्हें तुरंत दिल्ली बुला लिया।
सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी पंजाब कांग्रेस में चरणजीत सिंह चन्नी और राजा वड़िंग के बीच चल रहे विवाद को लेकर भूपेश बघेल से विस्तृत रिपोर्ट लेंगे। बघेल ने हाल ही में पंजाब का दौरा कर पार्टी के नेताओं और विभिन्न गुटों से मुलाकात कर फीडबैक जुटाया था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, हाईकमान पंजाब कांग्रेस की मौजूदा स्थिति और संगठन में बढ़ती गुटबाजी पर विस्तार से चर्चा करेगा। यह भी कहा जा रहा है कि राहुल गांधी पंजाब के हालात को संभालने के तरीके से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं और इसी वजह से भूपेश बघेल से विस्तृत जानकारी मांगी गई है।
बैठक से पहले पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि वह के.सी. वेणुगोपाल से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि पांच दिवसीय दौरे के दौरान भूपेश बघेल ने संगठन को मजबूत करने और जिला स्तर के नेताओं से चर्चा पर अधिक ध्यान दिया, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उनकी उस बैठक की रही, जो पार्टी के नाराज गुट के साथ हुई। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। माना जा रहा है कि दिल्ली में होने वाली बैठक के बाद पंजाब कांग्रेस को लेकर आगे की रणनीति पर फैसला लिया जा सकता है।

