जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पुलिसकर्मी की हत्या के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े दो आतंकवादियों के घर ढहा दिए। इसकी जानकारी गुरुवार को दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, आतंकवादी आदिल ठोकर और हारून रशीद गनई के घरों को बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात में जमींदोज कर दिया गया।
आपको बता दें कि प्रशासन ने यह कार्रवाई अनंतनाग के लाल चौक में पुलिसकर्मी को गोली मारे जाने के कुछ घंटों बाद की। जिस समय आतंकियों ने हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन की हत्या की, उस वक्त वह अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। कश्मीर में इससे पहले भी आतंकवादियों के घरों को ध्वस्त किया गया है, लेकिन हिंसक घटनाओं में गिरावट आने के चलते पिछले लगभग एक वर्ष से इस तरह की कार्रवाई बंद थी।

