अजमेर के पीसांगन में एक किसान की हत्या ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया. शुरुआत में मामला एक सामान्य हत्या का लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने महज 24 घंटे में इस ब्लाइंड मर्डर की परतें खोलीं तो सबसे बड़ा खुलासा घर के अंदर से हुआ. जिस पत्नी पर पति की जिंदगी की जिम्मेदारी थी, वही उसकी मौत की साजिश की मास्टरमाइंड निकली. पुलिस का दावा है कि अवैध संबंधों के चलते प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की गई. आखिर कैसे रची गई यह पूरी साजिश, आइए देखते हैं.

23 जुलाई की रात मृतक के भाई ने कराई हत्या की रिपोर्ट दर्ज

अजमेर जिले के पीसांगन थाना क्षेत्र में रहने वाले किसान मुकेश रावत की हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. 23 जुलाई की रात मृतक के बड़े भाई रमेश रावत ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके छोटे भाई की हत्या कर दी गई है. मामला गंभीर था, इसलिए पुलिस ने तुरंत घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पीसांगन थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम की संयुक्त टीम बनाई गई और हर एंगल से जांच शुरू कर दी गई.

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को कुछ ऐसे तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्य मिले, जिन्होंने शक की सुई सीधे मृतक की पत्नी विमली की ओर घुमा दी. पूछताछ और सबूतों की कड़ियां जुड़ती गईं और महज 24 घंटे के भीतर पूरी मर्डर मिस्ट्री सामने आ गई. पुलिस के अनुसार, विमली के गांव के ही रहने वाले गोपाल रावत से लंबे समय से अवैध संबंध थे. वह माइंस के काम से जुड़ा हुआ था. इस रिश्ते को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे. पुलिस का कहना है कि इसी विवाद से छुटकारा पाने के लिए पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई.

पत्नी ने अपने प्रेमी और अन्य साथी के साथ मिलकर रची थी साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि विमली ने अपने प्रेमी गोपाल रावत और एक अन्य आरोपी राजेश के साथ मिलकर हत्या की पूरी योजना बनाई. वारदात को अंजाम देने के बाद इसे सामान्य घटना दिखाने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार पूछताछ ने आरोपियों की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस के मुताबिक पत्नी विमली ने घर के दरवाजे के पास ही प्रेमी और उसके साथी को बुलाया. पत्नी और प्रेमी ने हाथ पैर पकड़ा और साथी ने गला दबा कर मौत के घाट उतार दिया. वारदात के वक्त बच्चों को कमरे में बंद कर दिया था, ताकि वह कुछ देख ना सके.

इस मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या की योजना कब बनी और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी. हत्या की घटना के बाद नाराज लोगों ने जमकर हंगामा भी किया.

पुलिस ने 24 घंटे में किया हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री का खुलासा 

एक तरफ पांच बच्चों का परिवार, दूसरी तरफ प्रेम संबंध और फिर उसी रिश्ते के लिए पति की हत्या का आरोप. अजमेर का यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि जब रिश्तों में भरोसा टूटता है, तो अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है. फिलहाल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. अब अदालत में सबूत तय करेंगे कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के दोषियों को क्या सजा मिलेगी?

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
July 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
2728293031  
Exit mobile version