Sawan Somwar Vrat 2026 Shubh Sanyog: 3 अगस्त को सावन के पहले सोमवार का व्रत किया जाएगा और इस बार सावन में 4 सोमवार का व्रत किया जाएगा. भगवान शिव की आराधना के लिए सावन का महीना सबसे पवित्र माना जाता है और पहला सोमवार विशेष रूप से शुभ फलदायी माना गया है. धार्मिक मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक व्रत रखकर शिवलिंग का अभिषेक करने और प्रिय वस्तुएं अर्पित करने से भगवान शिव शीघ्र प्रसन्न होते हैं. इस बार सावन के पहले सोमवार पर बनने वाले शुभ योगों के कारण पूजा का महत्व और भी बढ़ गया है. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, इस दिन की गई शिव उपासना से सुख-समृद्धि, आरोग्य, वैवाहिक सुख और मनोकामनाओं की प्राप्ति का योग बनता है.
सावन सोमवार व्रत पूजा विधि
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन सोमवार के दिन सबसे पहले ब्रह्म मुहूर्त में स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करें. इसके बाद पास के शिवालय में जाकर शिवलिंग का गंगाजल और शुद्ध जल से अभिषेक करें. फिर कच्चा दूध, दही, शहद, घी और शक्कर से पंचामृत अभिषेक करना अत्यंत शुभ माना जाता है. अभिषेक के बाद पुनः स्वच्छ जल अर्पित करें. शिवलिंग पर बेलपत्र अवश्य चढ़ाएं. ध्यान रखें कि बेलपत्र तीन पत्तियों वाला, साफ और बिना टूटा हुआ हो. इसके अलावा धतूरा, आक का फूल, भांग, सफेद चंदन, सफेद पुष्प, अक्षत, जनेऊ, मौसमी फल और मिष्ठान अर्पित किए जा सकते हैं. भगवान शिव को बेलपत्र के साथ शमी पत्र अर्पित करना भी शुभ माना जाता है. पूजा के दौरान ॐ नमः शिवाय मंत्र का जाप और शिव चालीसा या रुद्राष्टक का पाठ विशेष फलदायी माना जाता है. पूजा के अंत में भगवान शिव की आरती कर प्रसाद वितरित करें और जरूरतमंदों को दान अवश्य दें. मान्यता है कि सच्ची श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया सावन सोमवार का व्रत जीवन में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है.
शिवलिंग पर भूलकर भी अर्पित ना करें यह चीजें
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, सावन सोमवार व्रत में पूजा के दौरान शिवलिंग पर हल्दी, सिंदूर, केतकी का फूल, तुलसी दल और नारियल का पानी अर्पित करने से बचना चाहिए, क्योंकि इन्हें शिव पूजा में वर्जित माना गया है. ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, सावन के पहले सोमवार पर बनने वाले शुभ संयोगों में शिव पूजा करने से ग्रह दोषों की शांति, मानसिक तनाव में कमी और परिवार में सुख-शांति का वास होता है. जिन लोगों के विवाह में बाधा आ रही हो या करियर एवं व्यवसाय में रुकावटें हों, उन्हें इस दिन श्रद्धा और नियमपूर्वक भगवान शिव की पूजा करनी चाहिए.
सावन सोमवार व्रत तिथियां 2026
- पहला सावन सोमवार: 3 अगस्त 2026
- दूसरा सावन सोमवार: 10 अगस्त 2026
- तीसरा सावन सोमवार: 17 अगस्त 2026
- चौथा सावन सोमवार: 24 अगस्त 2026
सावन के 4 सोमवार पर बन रहे शुभ योग
- पहला सोमवार व्रत – सुकर्मा योग और हंस महापुरुष योग
- दूसरा सावन सोमवार – सोम प्रदोष व्रत का दुर्लभ संयोग
- तीसरा सावन सोमवार- नाग पंचमी का विशेष संयोग
- चौथा सावन सोमवार – प्रीति योग और आयुष्मान योग का संयोग
सावन के 4 सोमवार शिवलिंग पर क्या करें अर्पित
- पहला सावन सोमवार व्रत: कच्चा दूध और साबुत चावल (अक्षत) अर्पित करना शुभ फलदायी
लाभ: इससे मानसिक शांति मिलती है और चंद्र दोष दूर होता है. - दूसरा सावन सोमवार व्रत: लाल मसूर दाल और गुड़ अर्पित करना लाभकारी
लाभ: इससे आर्थिक सुधार होता है और कर्ज से मुक्ति मिलती है. - तीसरा सावन सोमवार व्रत: हरी मूंग और गेहूं अर्पित करना कल्याणकारी
लाभ: इससे बुद्धि, आत्मविश्वास और मान-सम्मान में वृद्धि होती है. - चौथा सावन सोमवार व्रत: अरहर या चना दाल अर्पित करना फायदेमंद
लाभ: इससे शिक्षा, विवाह और धन से जुड़ी बाधाएं दूर होती हैं.

