रायपुर | छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा दो कर्मचारियों को उनके स्वयं के अनुरोध पर पदोन्नति के बाद पुनः उनके मूल पद पर प्रत्यावर्तित (Reversion) कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, दफ्तरी से कनिष्ठ सचिवालय सहायक के पद पर पदोन्नत हुए नेमन कुमार साहू और भृत्य से कनिष्ठ सचिवालय सहायक बने चन्द्रकिशोर बघेल ने व्यक्तिगत एवं पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपने मूल पद पर वापस जाने का निवेदन प्रस्तुत किया था।
राज्य शासन ने ‘छत्तीसगढ़ मूलभूत नियम 15 (ए) (2)’ के प्रावधानों के तहत दोनों कर्मचारियों के आवेदनों को स्वीकार करते हुए तत्काल प्रभाव से नेमन कुमार साहू को कनिष्ठ सचिवालय सहायक से दफ्तरी (चतुर्थ श्रेणी) तथा चन्द्रकिशोर बघेल को भृत्य (चतुर्थ श्रेणी) के पूर्व पद पर पदस्थापित कर दिया है। इसके साथ ही, आगामी पदस्थापना हेतु दोनों कर्मचारियों की सेवाएं सामान्य प्रशासन विभाग (अधीक्षण) को सौंप दी गई हैं। शासन ने स्पष्ट किया है कि यह प्रत्यावर्तन पूर्णतः कर्मचारियों के अपने अनुरोध पर किया गया है और भविष्य में उनकी पदोन्नति पर विचार प्रचलित नियमों व निर्देशों के अधीन ही होगा।

