कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का प्रयागराज के केपी कॉलेज मैदान में 8 अगस्त को होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम रद्द हो गया है। बताया जा रहा है कि केपी ट्रस्ट ने मैदान की बुकिंग की अनुमति निरस्त कर दी। राहुल गांधी के कार्यक्रम रद्द होने पर कांग्रेस नेताओं का गुस्सा फूट पड़ा। इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का 8 अगस्त को होने वाला कार्यक्रम हर हाल में आयोजित किया जाएगा।
राहुल गांधी से डरती है सरकार
उन्होंने बीजेपी पर कार्यक्रम में अड़ंगा डालने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल राहुल गांधी से डरता है। संसद के अंदर भी वे राहुल गांधी का सामना करने से डरते हैं और संसद के बाहर भी उनसे डरते हैं। जब भी राहुल गांधी छात्रों की आवाज उठाने के लिए जाते हैं, वे हर बार समस्याएं खड़ी करने की कोशिश करते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष अपना काम जारी रखेगा और बीजेपी का डर इस कार्यक्रम को नहीं रोक सकता। पवन खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रयागराज जाएंगे और 8 अगस्त का कार्यक्रम निश्चित रूप से आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने रांची में चल रहे छात्र आंदोलन पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हमारे नेता कल भी वहां गए थे और हम लगातार उनके संपर्क में हैं। जो यहां हुआ, वो कहीं और नहीं हुआ।
अजय राय ने भी कहा- कार्यक्रम नहीं रुकेगा
इससे पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने राहुल गांधी के छात्र संवाद कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने अनुमति वापस लिए जाने के बावजूद कार्यक्रम के आयोजन को लेकर भरोसा जताया।
अजय राय ने कहा कि कांग्रेस देश और प्रदेश के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए काम कर रही है और 8 अगस्त का कार्यक्रम सफल होगा। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बारिश हो, ओले पड़ें या तूफान आए, हमारे नेता राहुल गांधी पीछे नहीं हटेंगे। युवाओं की आवाज बुलंद होगी और केंद्र व प्रदेश की बीजेपी सरकार को सत्ता से जाना पड़ेगा।
KP कॉलेज ने वापस ली कार्यक्रम की अनुमति
दरअसल, राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बुधवार को उस समय असमंजस की स्थिति पैदा हो गई, जब केपी कॉलेज के प्रबंधन ने कॉलेज के खेल मैदान के इस्तेमाल की पहले दी गई अनुमति वापस ले ली।
कॉलेज प्रबंधन ने इसके पीछे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने और इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक आदेश का हवाला दिया है। कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने प्रयागराज सिटी कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को भेजे पत्र में कहा कि कॉलेज के प्राचार्य से मिले इनपुट और हाईकोर्ट के 14 अगस्त 2025 के आदेश को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
बारिश का भी दिया हवाला
कॉलेज प्रबंधन ने कार्यक्रम के लिए खेल मैदान के इस्तेमाल को लेकर बारिश का भी हवाला दिया। प्रबंधन का कहना है कि बारिश के कारण मैदान को नुकसान पहुंच सकता है और बाद में उसकी मरम्मत में काफी समय लग सकता है।
प्रबंधन ने कांग्रेस से कार्यक्रम की तारीख बदलकर बारिश के मौसम के बाद छुट्टियों के दौरान रखने का अनुरोध किया। साथ ही पहले दी गई अनुमति को वापस लेते हुए आयोजकों से जमा राशि कार्यालय से वापस लेने को कहा गया।

