दांतों को रोजाना ब्रश करना सिर्फ मुंह को साफ रखने के लिए जरूरी नहीं है, बल्कि यह ओरल हेल्थ को बेहतर बनाए रखने में भी मदद करता है। सही तरीके से ब्रश करने से दांतों पर जमा प्लाक और बैक्टीरिया को हटाने में मदद मिलती है, जिससे कैविटी और मसूड़ों से जुड़ी समस्याओं का जोखिम कम हो सकता है। आइए जानते हैं दांतों को ब्रश करने का सही तरीका और अलग-अलग परिस्थितियों में ब्रश करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
सही तरीके से ब्रश कैसे करें?
- सबसे पहले टूथब्रश को हल्के पानी से गीला करें और उस पर मटर के दाने के बराबर टूथपेस्ट लगाएं।
- ब्रश को मसूड़ों की लाइन की ओर लगभग 45 डिग्री के कोण पर रखें और छोटे व हल्के स्ट्रोक्स में दांतों को साफ करें।
- दांतों की बाहरी सतह के साथ-साथ पीछे की दांत और चबाने वाली सतह को भी अच्छी तरह साफ करें।
- आगे के ऊपरी और निचले दांतों की अंदरूनी सतह को भी ब्रश करें।
- ब्रश करने के बाद टूथपेस्ट को थूक दें और मुंह को पानी से कुल्ला कर लें।
- इसके बाद जीभ को भी साफ करें, क्योंकि बैक्टीरिया और प्लाक जमा हो सकते हैं।
ब्रेसेज लगे हों तो ऐसे करें ब्रश
ब्रेसेज लगे होने पर दांतों की सफाई करते समय थोड़ी ज्यादा सावधानी की जरूरत होती है। अगर ब्रेसेज में कोई रिमूवेबल हिस्सा या रबर बैंड है, तो उसे हटाकर साफ करें। इसके बाद ब्रश की मदद से ब्रेसेज के आसपास, तारों और पिन के नीचे जमा खाने के कणों को सावधानी से साफ करें। दांतों की सामान्य तरह से सफाई करने के साथ-साथ ब्रेसेज के तारों को भी साफ करना जरूरी है।
दांत निकलवाने के बाद कैसे करें ब्रश?
दांत निकलवाने के बाद ब्रश करते समय अतिरिक्त सावधानी जरूरी होती है। शुरुआती दिनों में ठंडे और साफ पानी से गीला किए हुए ब्रश का इस्तेमाल किया जा सकता है और निकाले गए दांत की जगह पर सीधे ब्रश करने से बचना चाहिए। ब्रश करते समय टांकों को नुकसान न पहुंचे, इसका ध्यान रखना जरूरी है। इसके साथ ही दांत निकलवाने के बाद पहले दिन तेजी से कुल्ला करने से भी बचना चाहिए।
बच्चों को ब्रश कराते समय इन बातों का रखें ध्यान
छोटे बच्चों के लिए सॉफ्ट और छोटे आकार का टूथब्रश इस्तेमाल करें। 3 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए फ्लोराइड टूथपेस्ट की मात्रा बहुत कम, लगभग चावल के दाने जितनी रखी जा सकती है। 3 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए मटर के दाने के बराबर मात्रा इस्तेमाल की जा सकती है।
ब्रश करते समय न करें ये 5 गलतियां
- ज्यादा दबाव डालने से दांतों और मसूड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए हल्के हाथ से ब्रश करें।
- दांतों की अच्छी सफाई के लिए कम से कम 2 मिनट तक ब्रश करें।
- आगे के दांतों के साथ-साथ दांतों की अंदरूनी, बाहरी और चबाने वाली सतह को भी साफ करना जरूरी है।
- जीभ पर भी बैक्टीरिया और प्लाक जमा हो सकते हैं, इसलिए इसे धीरे से साफ करें।
- ब्रिसल्स घिसने या फैलने लगें तो टूथब्रश बदल देना चाहिए। आमतौर पर हर 3 से 4 महीने में ब्रश बदलने की सलाह दी जाती है।

