Viral Video: ‘पहाड़ लाइफ’ इंजॉय करने के लिए दिल्ली छोड़कर मनाली के सियाल गांव में अकेले शिफ्ट होना एक जेन जी (Gen Z) को भारी पड़ गया. अब अजय शर्मा नाम के इस शख्स ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कन्फर्म किया कि उसने मनाली छोड़ दिया है और वापस दिल्ली लौट आया है.कई लोगों का सपना होता है कि शहर की भागदौड़ छोड़कर कुछ समय पहाड़ों के बीच सुकून से रहा जाए. सुबह आंख खुले तो सामने पहाड़ हों, ठंडी हवा चले और काम के साथ-साथ खूबसूरत नजारे भी देखने को मिलें. दिल्ली जैसे बड़े शहर में रहने वाले अजय शर्मा ने भी कुछ ऐसा ही सोचा. वह पहाड़ों की जिंदगी को करीब से समझने के लिए मनाली के सियाल गांव में अकेले शिफ्ट हो गए. लेकिन करीब 71 दिन वहां रहने के बाद उन्हें वापस दिल्ली लौटना पड़ा. अजय शर्मा ने इंस्टाग्राम अकाउंट @a4ajayyyyy पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि उन्होंने मनाली छोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि वहां बिताए कुछ महीने उनकी जिंदगी के सबसे खास पलों में शामिल हो गए. शुरुआत में वह वहां किसी को नहीं जानते थे, लेकिन धीरे-धीरे मनाली की सड़कें और पहाड़ उन्हें अपने घर जैसे लगने लगे.

अजय के इंस्टाग्राम अकाउंट के मुताबिक, वह 23 मई 2026 को मनाली के सियाल गांव में रहने पहुंचे थे. उनका मकसद सिर्फ घूमना नहीं था. वह यह जानना चाहते थे कि जिन पहाड़ों को लोग कुछ दिनों की छुट्टी में देखकर बेहद खूबसूरत मानते हैं, वहां अगर लंबे समय तक रहा जाए तो क्या जिंदगी उतनी ही अच्छी लगती है? करीब 71 दिनों तक अजय ने अपनी जिंदगी का हर छोटा-बड़ा अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया. इस दौरान उन्होंने लगभग 55 वीडियो पोस्ट किए. इन वीडियो में कभी वह अपने रोज के काम दिखाते थे तो कभी बताते थे कि पहाड़ों में अकेले रहने में उन्हें किन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने यह भी बताया था कि मनाली में उनका महीने का कुल खर्च करीब 21 हजार रुपये रहता था.

सोचा था पहाड़ों में WFH करूंगा, लेकिन कहानी कुछ और निकली
3 जुलाई को शेयर किए गए एक वीडियो में अजय ने पहाड़ों में रहने की अपनी उम्मीदों और असल जिंदगी के बीच का अंतर बताया था. मनाली आने से पहले उन्होंने सोचा था कि घर से काम करते हुए सामने खूबसूरत पहाड़ दिखाई देंगे. सुबह उगते सूरज को देखेंगे, स्थानीय खाना खाएंगे, पहाड़ी सड़कों पर घूमेंगे, मॉल रोड जाएंगे और नए लोगों के साथ बोनफायर का मजा लेंगे. लेकिन असल जिंदगी उनकी उम्मीद से काफी अलग निकली. अजय ने बताया कि पहाड़ों में नेटवर्क का अचानक चले जाना आम बात थी. मौसम भी कभी भी बदल जाता था और अचानक बारिश शुरू हो जाती थी. घर में अकेले रहने के कारण उन्हें अपना खाना खुद बनाना पड़ता था. खराब सड़कों और बारिश के दौरान आने वाली परेशानियों ने भी उनकी मुश्किलें बढ़ाईं.

खूबसूरत पहाड़ों के बीच अकेलापन भी महसूस हुआ
मनाली की खूबसूरती के बावजूद अजय के लिए सबसे बड़ी चुनौती अकेलापन रहा. उन्होंने बताया कि कई बार घूमने के लिए बाहर निकलते तो ज्यादातर रास्ते चढ़ाई वाले होते थे, जिससे जल्दी थकान हो जाती थी. वहीं, घर लौटने के बाद अक्सर अकेले बैठकर खाना खाना और अपना समय खुद बिताना पड़ता था. यही वजह थी कि पहाड़ों की खूबसूरत जिंदगी का वह सपना धीरे-धीरे एक अलग तरह के अनुभव में बदल गया. हालांकि, अजय ने यह भी माना कि मनाली में उन्होंने ऐसी यादें बनाई हैं जिन्हें वह कभी नहीं भूल पाएंगे. मनाली छोड़ने के बाद अजय ने कहा कि वह अभी भी इस बदलाव के साथ तालमेल बैठाने की कोशिश कर रहे हैं. उनका कहना था कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि कुछ महीनों के लिए जिस जगह आए हैं, उसे छोड़ना इतना मुश्किल महसूस होगा. उन्होंने इसे जिंदगी के एक अध्याय का खत्म होना बताया और कहा कि अब एक नए अध्याय की शुरुआत का समय है.

अब पहाड़ छोड़कर ‘बीच लाइफ’ की तलाश
मनाली से वापस दिल्ली आने के बाद अजय अब अपनी जिंदगी के अगले एक्सपीरियंस की तलाश में हैं. उनके हालिया वीडियो से संकेत मिल रहा है कि अब वह समुद्र किनारे की जिंदगी को करीब से महसूस करना चाहते हैं. 17 अगस्त को शेयर किए गए वीडियो के बाद सोशल मीडिया यूजर्स को भी लग रहा है कि अजय जल्द किसी समुद्र किनारे बसे शहर में रहने का नया एक्सपीरियंस शुरू कर सकते हैं. हालांकि, उन्होंने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि अगला ठिकाना कौन सा होगा. उनके फैंस ने मनाली वाली ‘लिविंग अलोन’ वीडियो सीरीज खत्म होने पर निराशा भी जताई. इस पर अजय ने मजेदार जवाब देते हुए कहा कि ऐसी वीडियो आगे भी देखने को मिलेंगी, बस लोकेशन बदल जाएगी. यानी पहाड़ों की कहानी खत्म जरूर हुई है, लेकिन अजय की ‘अकेले रहने’ वाली जर्नी अभी खत्म नहीं हुई है. अब देखना दिलचस्प होगा कि अगला अध्याय उन्हें पहाड़ों से भी ज्यादा सुकून देता है या वहां भी जिंदगी कुछ ऐसी ही चुनौतियां लेकर आती है.

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version