Vivo ने हाल ही में भारत में अपने Y-Series के पांच स्मार्टफोन्स की कीमत बढ़ाई थी. अब कंपनी ने T-Series के एक मॉडल की कीमत में भी इजाफा कर दिया है. टिप्स्टर के मुताबिक, Vivo T5 Pro 5G अब देश में पहले से महंगा हो गया है और इसकी कीमत सभी RAM और स्टोरेज वेरिएंट्स के लिए बढ़ाई गई है. हालांकि, Vivo ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस प्राइस हाइक का ऐलान नहीं किया है. टिप्स्टर का दावा है कि आने वाले दिनों में कंपनी के कुछ और स्मार्टफोन्स की कीमतें भी बढ़ सकती हैं.
T5 Pro 5G के सभी वेरिएंट हुए महंगे
टिपस्टर Sanju Chaudhary के X पोस्ट के मुताबिक, Vivo ने भारत में T5 Pro 5G की कीमतों में बड़ा इजाफा किया है. फोन के अलग-अलग वेरिएंट पर अब 6,000 रुपये से लेकर 7,000 रुपये तक ज्यादा खर्च करने होंगे. पोस्ट के अनुसार, इसका 8GB RAM + 128GB स्टोरेज वाला बेस वेरिएंट अब 41,999 रुपये में मिलेगा. यानी इसकी कीमत में 6,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है. वहीं, 8GB RAM + 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 7,000 रुपये बढ़कर 46,999 रुपये बताई जा रही है.
सबसे ज्यादा कीमत बढ़ोतरी टॉप-एंड 12GB + 256GB वेरिएंट की हुई है. अब इसकी कीमत सीधे 69,999 रुपये पहुंच गई है, यानी फोन की कीमत मिड-फ्लैगशिप सेगमेंट को भी पार कर चुकी है.
लॉन्च प्राइस से अब फोन कितना महंगा हुआ?
अगर लॉन्च के समय की कीमत से तुलना करें, तो Vivo T5 Pro 5G को अप्रैल में भारत में 29,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर उतारा गया था. उस समय 8GB + 256GB मॉडल 33,999 रुपये और 12GB + 256GB वेरिएंट 39,999 रुपये में मिलता था. इसके बाद कंपनी ने हाल के महीनों में 8GB + 128GB मॉडल की कीमत बढ़ाकर 35,999 रुपये और 8GB + 256GB वेरिएंट की कीमत 46,999 रुपये कर दी थी.
Vivo T5 Pro 5G के फीचर्स
- Vivo T5 Pro 5G में 6.83 इंच का 1.5K AMOLED डिस्प्ले दिया गया है. स्क्रीन 144Hz तक के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है, जबकि लोकल पीक ब्राइटनेस 5,000 निट्स तक जाती है.
- परफॉर्मेंस के लिए फोन में Snapdragon 7s Gen 4 चिपसेट लगाया गया है. इसके साथ 12GB तक RAM और 256GB तक की स्टोरेज मिलती है.
- कैमरा सेटअप की बात करें तो पीछे डुअल कैमरा सिस्टम दिया गया है. इसमें 50 MP का मेन कैमरा Sony IMX882 सेंसर के साथ आता है, जबकि इसके साथ 2MP का Bokeh कैमरा मिलता है.
- सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है.
- फोन की सबसे बड़ी खासियतों में इसकी 9,020mAh की सिलिकॉन-कार्बन बैटरी शामिल है, जिसे 90W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है.

