जयपुर: जयपुर में एक युवती ने अपने पति को जूस में जहर देकर मार डाला। प्रेमी से शादी करने के लिए उसने यह खौफनाक कदम उठाया। युवती कविता मीणा और उसके प्रेमी गणेश मीणा को जयपुर की विश्वकर्मा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कातिल कविता मीणा इतनी शातिर निकली कि हत्या के बाद करीब एक सप्ताह तक उसने किसी को शक भी नहीं होने दिया कि उसने पति महेश को मार डाला। बाद में जब खुलासा हुआ तो परिवार वाले भी हैरान रह गए। जो युवती पति की मौत पर आंसू बहा रही थी वे आंसू दिखावटी निकले।
एक सप्ताह बाद खुली पोल
कविता मीणा का ससुराल विश्वकर्मा में है। 5 अगस्त को उसने अपने पति महेश मीणा की हत्या कर दी थी। हत्या के लिए उसने अपने पति को सल्फास मिला हुआ जूस पिला दिया था। जिसके बाद महेश मीणा की मौत हो गई। हत्या के बाद कविता ने अपने पीहर और ससुराल वालों को अहसास नहीं होने दिया कि उसने महेश की हत्या की है। महेश की अस्थियों को लेकर कविता हरिद्वार भी गई थी और रोने का नाटक भी किया लेकिन करीब एक सप्ताह बाद उसकी पोल खुल गई।
सीसीटीवी ने खोली पोल
महेश की मौत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही थी। कविता के बयानों में विरोधाभास सामने आया तो पुलिस को शक हुआ। डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने कहा कि शक होने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में कविता और उसके पति महेश मीणा के साथ तीन और युवक नजर आए थे। इन तीनों में एक युवक गणेश मीणा कविता के गांव का रहने वाला था और वह सीसीटीवी कैमरों से बचता नजर आया। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद जब पुलिस ने कविता से सख्ती से पूछताछ की तो पूरी कहानी सामने आ गई।

