बीजिंग-एक प्रदर्शनी में एक रोबोट ने कुछ ऐसा कर दिया कि लोग टेक्नोलॉजी से ज्यादा उसकी हालत देखकर हंसने लगे. रोबोट अचानक जमीन पर गिरा और हाथ-पैर ऐसे पटकने लगा, जैसे किसी बच्चे को जोर का गुस्सा आ गया हो. कोई उसे पकड़ रहा था, कोई कंट्रोल करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन रोबोट रुकने का नाम ही नहीं ले रहा था. मामला इतना अजीब था कि इसका पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
आखिर वर्ल्ड रोबोट कॉन्फ्रेंस में हुआ क्या?
2026 की वर्ल्ड रोबोट कॉन्फ्रेंस में यह इंसानी शक्ल वाला रोबोट यानी ह्यूमॉयड अपनी खूबियां दिखाने के लिए लाया गया था. बीजिंग में हो रही इस कॉन्फ्रेंस में रोबोट आधुनिक इंसान जैसे रोबोट की क्षमता दिखा रहा था, तभी उसमें अचानक गड़बड़ी आ गई. बताया जा रहा है कि रोबोट का रिमोट कंट्रोल से कनेक्शन टूट गया. इसके बाद वह पीछे की तरफ गिर गया और अपने हाथ-पैर तेजी से हिलाने लगा. उसकी हरकतें ऐसी लग रही थीं जैसे किसी इंसान को मिर्गी का दौरा पड़ गया हो या कोई बच्चा गुस्से में जमीन पर हाथ-पैर पटक रहा हो. वहां मौजूद लोग यह देखकर हैरान भी हुए और कुछ लोग हंसने भी लगे.
वैसे मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. रोबोट को संभालने के लिए उसके साथ काम कर रहे लोग तुरंत वहां पहुंचे. कई इंजीनियरों ने मशीन को पकड़ने और उसका कंट्रोल वापस लेने की कोशिश की. लेकिन वे उसे तुरंत बंद नहीं कर पा रहे थे. वीडियो में रोबोट प्रदर्शनी वाली जगह पर बार-बार हाथ-पैर पटकता दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास खड़े लोग इस अजीब नजारे को देख रहे हैं.
सोशल मीडिया पर भी लोगों ने इस घटना पर मजेदार कमेंट किए. एक यूजर ने लिखा, “ये तो गुस्से में हाथ-पैर पटकते बच्चे जैसा लग रहा है.”
एक और यूजर ने लिखा, “यह याद दिलाता है कि कितने भी शानदार रोबोट क्यों न हों, जब रिमोट काम करना बंद कर दे तो उन्हें बंद करने के लिए आखिर इंसान की जरूरत पड़ती है. तरक्की शानदार है… जब तक सब ठीक चल रहा हो.”
गौरतलब है कि 2026 की वर्ल्ड रोबोट कॉन्फ्रेंस में रोबोट बनाने वाली कंपनियां, रिसर्च करने वाले लोग और टेक्नोलॉजी में रुचि रखने वाले लोग शामिल हुए. इस कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स की नई तकनीकों को दिखाया गया.

