चीन में जन्मे टोनी वू आजकल सिलीकॉन वैली में छाए हुए हैं. वजह है कैलिफोर्निया में आलीशान बंगला. टोनी ने करीब $70 मिलियन यानी करीब ₹670 करोड़ का एक बेहद शानदार और विशाल महल खरीदा है. यह इस साल पूरे बे एरिया (Bay Area) की सबसे बड़ी प्रॉपर्टी डील मानी जा रही है.
अब आप सोच रहे होंगे कि इस लड़के के पास इतना पैसा आया कहां से? तो आपको बता दें कि टोनी कोई साधारण इंजीनियर नहीं हैं. वो एलन मस्क की बेहद खास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी xAI के को-फाउंडर रहे हैं. जब मस्क ने इस कंपनी की नींव रखी थी, तब जिन 12 खास लोगों को चुना था, उनमें टोनी वू भी शामिल थे. मस्क के मशहूर चैटबॉट ‘ग्रोक’ (Grok) को बनाने में टोनी का ही दिमाग लगा था. साल 2025 में जब मस्क ने ‘ग्रोक 3’ को दुनिया के सामने लॉन्च किया था, तब टोनी सीधे मस्क के बगल में बैठे नजर आए थे. इसी से आप समझ सकते हैं कि मस्क की नजर में उनकी क्या अहमियत थी. इसी साल फरवरी में टोनी ने मस्क की कंपनी को अलविदा कह दिया.

मिट्टी से आसमान तक का सफर
टोनी की कहानी बेहद प्रेरणादायक है. चीन के हांगझू शहर में जन्मे टोनी बचपन में ही कनाडा चले गए थे. गणित में बचपन से ही उनका हाथ इतना तेज था कि उन्होंने टोरंटो यूनिवर्सिटी से मशीन लर्निंग में पीएचडी की. इसके बाद उन्होंने गूगल की ‘डीपमाइंड’ टीम और ओपनएआई (OpenAI) जैसी दिग्गज कंपनियों में काम किया और फिर मस्क के साथ जुड़ गए.
टोनी अकेले ऐसे सितारे नहीं हैं. आज अमेरिका में एआई (AI) की जो बड़ी क्रांति हो रही है, उसके पीछे चीनी मूल के वैज्ञानिकों का बहुत बड़ा हाथ है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में काम करने वाले टॉप-क्लास एआई वैज्ञानिकों में से करीब 38 फीसदी चीन से आए हैं, जबकि अमेरिकी मूल के वैज्ञानिक 37 फीसदी हैं.
कैसा है यह सपनों का महल?
अब बात करते हैं टोनी के नए महल की. यह सिर्फ एक घर नहीं, बल्कि अपने आप में एक छोटा-सा शहर है. 12 एकड़ में फैले इस आलीशान विला में क्या-क्या है, जरा गौर से सुनिए.
निजी गोल्फ कोर्स: घर के अंदर ही फुर्सत के पल बिताने के लिए 9-होल का पर्सनल गोल्फ कोर्स है.
एम्फीथिएटर: खुली हवा में नाटक और शो देखने के लिए 150 सीटों वाला शानदार थिएटर बना है.
समुद्री एक्वेरियम: बैठक में ही 2,100 गैलन खारे पानी का एक विशाल एक्वेरियम है, जिसमें रंग-बिरंगी मछलियां तैरती हैं.