ओडिशा के बोलांगीर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के चक्कर में 40 साल के व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने पहले तो शख्स को बड़े प्यार से घर पर खाना खाने के बहाने बुलाया और फिर मौका मिलते ही उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में जो खुलासा हुआ है, उसने सभी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। यह पूरी वारदात अपनी अलग हो चुकी पत्नी को वापस पाने के लिए दी गई ‘नरबलि’ का हिस्सा थी। यह मामला बोलांगीर जिले के देवगांव थाना इलाके के बगदा गांव का है। मृतक की पहचान संतोष खारसेल (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पास के तेबदमुंडा गांव का रहने वाला था।

खाना खाने बुलाया, फिर सुला दी मौत की नींद

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू ने 18 अगस्त को संतोष खारसेल को अपने घर पर खाना खाने के लिए आमंत्रित किया था। पुलिस को आशंका है कि खाना खाने के बाद जब संतोष सो गया, तब शत्रुघ्न साहू और उसके साथियों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने धारदार हथियार से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और हत्या को अंजाम दिया।

तालाब में फेंकी लाश, पूजा घर में छिपाया कटा सिर

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए संतोष के धड़ को गांव के बाहर स्थित एक तालाब में फेंक दिया। वहीं, उसका कटा हुआ सिर मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू ने अपने घर के पूजा वाले कमरे में छिपाकर रख दिया। अगले दिन जब गांव वालों ने तालाब में बिना सिर की लाश तैरती देखी, तो इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

पुलिस पहुंची तो घर में ‘मेडिटेशन’ कर रहा था आरोपी

जांच में जुटी पुलिस को जानकारी मिली कि संतोष को आखिरी बार शत्रुघ्न साहू के साथ देखा गया था। इस सबूत के आधार पर पुलिस की एक टीम जब साहू के घर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गई। मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू घर के अंदर बड़े आराम से ध्यान (मेडिटेशन) कर रहा था। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और दावा किया कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद में यह हत्या हुई। हालांकि, जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसने सारा सच उगल दिया और पूजा कक्ष में सिर छिपाने की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने जमीन की खुदाई करवाकर संतोष का कटा हुआ सिर और खून से सना धारदार हथियार बरामद कर लिया।

10 साल से अलग रह रही थी पत्नी, तंत्र-मंत्र में फंसा था परिवार

पुलिस की कड़ी पूछताछ में मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू ने कबूल किया कि उसने अपनी पत्नी को वापस पाने की चाहत में यह बलि दी थी। जांच में सामने आया है कि आरोपी की पत्नी पिछले 10 सालों से अपने बेटे और बेटी के साथ उससे अलग रह रही थी। माना जा रहा है कि आरोपी के तंत्र-मंत्र और जादू-टोने की हरकतों से परेशान होकर ही उसका परिवार उसे छोड़कर चला गया था।

मुख्य आरोपी समेत 5 गिरफ्तार

पुलिस ने इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी शत्रुघ्न साहू समेत कुल 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा साहू की मां, भाई और भाभी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था। पुलिस की टीम ने मौके पर जाकर क्राइम सीन का री-कंस्ट्रक्शन भी किया है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version