मुंबई: उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बेटे एवं राज्यसभा सदस्य पार्थ पवार के मुंबई में वर्ली स्थित घर पर एनसीपी अजित पवार गुट के कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। हाल के दिनों में पार्टी के भीतर मतभेद की खबरों, चुनावी राजनीतिकार प्रशांत किशोर के पार्टी से जुड़ने, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे को पद से हटाने और सच्चिदानंद सिंह द्वारा सुनेत्रा पवार को पार्टी अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया पर कानूनी नोटिस देने जैसे मुद्दों को देखते हुए यह बैठक काफी महत्वपूर्ण थी। इस बैठक में सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल, नवाब मलिक, छगन भुजबल, नरहरि झिरवाल और बाबासाहेब पाटील, धनंजय मुंडे आदि नेता शामिल थे।

युवा चेहरों पर खेल सकते हैं दांव

बैठक में हाल के दिनों में घटे राजनीतिक घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा को गई। एनसीपी सूत्रों के मुताबिक इस बैठक को पार्टी में बड़े बदलाव की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। बैठक में सभी वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि पार्टी हित में जो भी सामूहिक निर्णय होगा वह उन्हें मान्य होगा। पार्थ पवार ने सुझाव दिया कि पार्टी में युवा चेहरों को मौका देने की जरूरत है इसलिए आने वाले समय में पार्टी में संगठनात्मक बदलाव की जरूरत है। पार्टी नेतृत्व के खिलाफ किसी तरह की बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पार्टी अध्यक्ष को नोटिस देने वाले सच्चिदानंद सिंह के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी चर्चा हुई।

शरद पवार के साथ बैठक पारिवारिक

वहीं हाल के दिनों में शरद पवार और पार्थ पवार की बैठक पर पार्टी नेताओं ने कहा कि इससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई है। इस पर सफाई देते हुए पार्थ ने कहा कि यह पारिवारिक बैठक थी बैठक में किसी राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा नहीं हुई। पार्थ पवार ने बैठक में कहा कि यदि पार्टी में किसी मुद्दे पर मतभेद है तो उसकी सूचना पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को देकर सुलझाना चाहिए। इससे पहले NCP मंत्रियों के साथ भी मीटिंग हो चुकी है। कोर कमेटी की बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने स्पष्ट किया कि पार्टी पूरी तरह से एकजूट है और पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की फूट या मतभेद की खबरें निराधार हैं। संगठन के भीतर आंतरिक कलह जैसी कोई बात नहीं है। बैठक में आगामी राजनीतिक गतिविधियों और सांगठनिक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान राजनीतिक माहौल और संगठनात्मक मजबूती से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

प्रशांत किशोर का मुद्दा होल्ड

एनसीपी सूत्रों के मुताबिक बैठक में प्रशांत किशोर के साथ सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार की बैठक का भी मुद्दा उठा। इस पर नेताओं ने कहा कि इससे पार्टी की छवि पर असर पड़ता है। ऐसी बैठकों से पहले नेताओं को विश्वास में लेना जरूरी होता है। इस पर पार्थ ने नेताओं को आश्वस्त किया कि अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। किसी भी निर्णय से पहले सभी नेताओं से विचार विमर्श किया जाएगा। पार्टी हित में जो होगा वही निर्णय होगा।

Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
Exit mobile version