ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगी JEE और NEET की उत्कृष्ट तैयारी की सुविधा

शासकीय विद्यालयों के 100 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क कोचिंग

एनटीपीसी सीपत ने अपने सामाजिक दायित्व और सामुदायिक विकास पहलों के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं नीट एवं जेई की तैयारी कराने के उद्देश्य से ‘संकल्प’ निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। इस विशेष शैक्षणिक पहल का औपचारिक उद्घाटन कलेक्टर (बिलासपुर) श्री संजय अग्रवाल, आईएएस तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप-महानिरीक्षक (बिलासपुर) श्री रजनेश सिंह, आईपीएस द्वारा परियोजना प्रमुख श्री स्वपन कुमार मंडल की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

‘संकल्प’ कार्यक्रम के माध्यम से आसपास के शासकीय विद्यालयों—जिनमें शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत, शासकीय हाईस्कूल दर्राभाटा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजी, तथा स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय (हिंदी व अंग्रेजी माध्यम) सीपत एवं पंधी शामिल हैं—के कक्षा 11वीं और 12वीं के कुल 100 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया गया है। पारदर्शिता एवं योग्यता के आधार पर आयोजित प्रवेश परीक्षा के उपरांत दोनों कक्षाओं के लिए 50-50 विद्यार्थियों के पृथक बैच बनाए गए हैं। इस कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को सप्ताह में चार दिन, प्रतिदिन तीन घंटे भौतिकी, रसायन विज्ञान, गणित एवं जीव विज्ञान विषयों का गहन मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री संजय अग्रवाल ने एनटीपीसी सीपत की इस पहल की सराहना की और कहा कि ‘संकल्प’ जैसी पहल सामुदायिक विकास के साथ-साथ क्षेत्र में शिक्षा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा एवं चुनौतियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, अपने लक्ष्य के प्रति संकल्पित रहने और इस अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में ऐसी ऊर्जा और आत्मविश्वास का निर्माण होना चाहिए, जिससे वे भविष्य में राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि संसाधनों की सीमाओं के बावजूद प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर मिलना जरूरी है और ऐसी पहलें इसी दिशा में सार्थक प्रयास हैं।

विशिष्ट अतिथि श्री रजनेश सिंह, आईपीएस ने ‘संकल्प’ को सराहनीय सामाजिक पहल बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को उनके घर के नजदीक देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर मिलना महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस सुविधा का पूर्ण लाभ उठाने और अपनी मेहनत से माता-पिता, समाज तथा राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने एनटीपीसी के गीत में निहित ‘ज्योति किरण’ के भाव का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को स्वयं आगे बढ़ने के साथ समाज को भी प्रकाश देने के लिए प्रेरित किया।

परियोजना प्रमुख श्री स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि एनटीपीसी सीपत की यह पहल क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कलेक्टर, बिलासपुर एवं एसएसपी एवं डीआईजी, बिलासपुर के मार्गदर्शन और सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सीपत विद्युत उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक सरोकार के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रहा है। ‘संकल्प’ के माध्यम से क्षेत्र के विद्यार्थियों को भविष्य में बेहतर इंजीनियर और डॉक्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए श्री बी.बी. पात्रा, मानव संसाधन प्रमुख ने बताया कि कलेक्टर, बिलासपुर द्वारा दिए गए सुझाव के बाद इस पहल को आकार दिया गया। इसके तहत आसपास के शासकीय विद्यालयों से कक्षा 10वीं एवं 11वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में से कक्षा 11वीं एवं 12वीं के 50-50 विद्यार्थियों का चयन कर कुल 100 विद्यार्थियों को ‘संकल्प’ कोचिंग कार्यक्रम में प्रवेश दिया गया।

उद्घाटन समारोह के दौरान चयनित विद्यार्थियों के लिए नियुक्त फैकल्टी भी उपस्थित रही। फैकल्टी द्वारा विद्यार्थियों को कोचिंग की कार्ययोजना, कक्षा संचालन एवं आवश्यक नियमों की जानकारी दी गई। ‘संकल्प’ के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक व्यवस्थित शैक्षणिक मंच उपलब्ध कराया जाएगा।


Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version