दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण सुधार की मांग को लेकर हुए आंदोलन के बाद अब छात्रों और केंद्र सरकार के बीच बातचीत का दौर शुरू हो गया है. केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात की और इसकी जानकारी सोशल मीडिया के जरिए साझा की.
जेपी नड्डा ने बताया कि 21 अगस्त को जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के बाद तय कार्यक्रम के अनुसार टीम के सदस्य हर्ष दुबे, रण बहादुर सिंह चौहान और मृत्युंजय पाठक के साथ सौहार्दपूर्ण वार्ता हुई. उन्होंने कहा कि यह संवाद आगे भी जारी रहेगा और जल्द ही फिर बैठक होगी.
क्या है प्रदर्शनकारियों की मांग?
जंतर-मंतर पर जुटे प्रदर्शनकारी जाति आधारित आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि आरक्षण का आधार आर्थिक स्थिति को बनाया जाना चाहिए. इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग दिल्ली में एकत्र हुए थे.
पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से भी हुई थी मुलाकात
जेपी नड्डा से बातचीत से पहले आंदोलन से जुड़े छात्र प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात की थी. ब्रजेश पाठक ने छात्रों को भरोसा दिलाया था कि उनकी सभी मांगों को गंभीरता से सुना गया है और प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपा गया पत्र भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने कहा था कि सरकार युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए संवाद और सकारात्मक पहल के रास्ते पर आगे बढ़ेगी.

