वडोदरा: नेपाल में आई भयानक बाढ़ और तबाही में गुजरात के वडोदरा के एनआरआई दंपति लापता हो गए हैं। दोनों पिछले करीब 30 सालों से न्यूजीलैंड में रह रहे थे। एक NRI दंपति नेपाल में लापता हो गया है। किन्नारी पटेल और उनके पति मिहिर पटेल कैलाश मानसरोवर की यात्रा के लिए नेपाल पहुंचे थे। लेकिन अब परिवार का उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। अपनों की कोई खबर न मिलने से परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। किन्नारी पटेल के भाई चिराग पटेल ने बताया कि उनकी बहन और जीजा न्यूजीलैंड से सीधे काठमांडू पहुंचे थे। दोनों ने अपनी यात्रा की बुकिंग खुद कराई थी। काठमांडू पहुंचने के बाद वे एक होटल में करीब तीन दिन तक रुके और इसके बाद कैलाश मानसरोवर की ओर रवाना हो गए। होटल से चेक-आउट करने के बाद से ही दोनों से संपर्क टूट गया है।

तीन दिन तक काठमांडू के होटल में रुके

चिराग पटेल ने बताया कि परिवार ने काठमांडू के होटल कर्मचारियों से संपर्क कर जानकारी जुटाने की कोशिश की। होटल से पता चला कि दंपति वहां तीन दिन तक रुका था और उसके बाद होटल छोड़कर चला गया। इसके बाद से परिवार के पास उनकी कोई जानकारी नहीं है। परिवार के लिए सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि नेपाल में इस समय बाढ़ और खराब मौसम के कारण हालात बेहद मुश्किल बने हुए हैं। ऐसे में उन्हें डर सता रहा है कि कहीं किन्नारी और मिहिर किसी मुश्किल में तो नहीं फंस गए।

रक्षाबंधन पर लौटना चाहते थे भारत

किन्नारी ने परिवार को बताया था कि वह रक्षाबंधन के मौके पर भारत लौटना चाहती हैं। उनकी योजना पहले कैलाश धाम की यात्रा पूरी करने और फिर भारत आने की थी। परिवार अब उसी इंतजार में है कि किन्नारी और मिहिर जल्द सुरक्षित वापस लौटें और उनके घर में फिर से खुशियां लौटें। चिराग पटेल ने सरकार से भावुक अपील करते हुए कहा कि बचाव अभियान में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक हेलीकॉप्टर तैनात करने और सेना की मदद से तलाश अभियान तेज करने की मांग की है।

परिवार को है ये उम्मीद

चिराग पटेल के मुताबिक, नेपाल और भारत दोनों के प्रशासन से परिवार को सहयोग मिल रहा है। अधिकारियों ने दंपति से जुड़ी तमाम जानकारियां जुटा ली हैं और भरोसा दिलाया है कि जैसे ही कोई महत्वपूर्ण जानकारी सामने आएगी, परिवार को सूचित किया जाएगा। परिवार की उम्मीद अब सरकार और राहत-बचाव एजेंसियों पर टिकी है। हर गुजरते पल के साथ चिंता बढ़ रही है, लेकिन परिजनों को भरोसा है कि किन्नारी और मिहिर सुरक्षित होंगे और जल्द ही उनकी कोई खबर मिलेगी।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  
Exit mobile version