वॉट्सऐप जल्द ही ऐसा फीचर ला सकता है, जिसकी मदद से उन लोगों को भी वॉट्सऐप कॉल में शामिल किया जा सकेगा, जिनका इस ऐप पर अकाउंट नहीं है. अभी वॉट्सऐप कॉल जॉइन करने के लिए यूजर का प्लेटफॉर्म पर अकाउंट होना जरूरी है. लेकिन Meta अब इस नियम को बदलने की तैयारी कर रहा है.
रिपोर्ट के मुताबिक, वॉट्सऐप Guest Calls नाम के एक नए फीचर पर काम कर रहा है. इसके जरिए यूजर्स एक कॉल लिंक बना सकेंगे और उसे ऐसे लोगों के साथ शेयर कर सकेंगे, जो वॉट्सऐप इस्तेमाल नहीं करते. खास बात यह है कि लिंक पाने वाले व्यक्ति को न तो नया अकाउंट बनाना होगा और न ही वॉट्सऐप ऐप डाउनलोड करना पड़ेगा.
कैसे काम करेगा वॉट्सऐप Guest Calls फीचर?
WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर वॉट्सऐप के मौजूदा Guest Chat सिस्टम पर बेस्ड हो सकता है. यूजर वॉट्सऐप के Calls टैब से सीधे कॉल लिंक तैयार कर सकेगा.
इसके लिए सबसे पहले कॉल का प्रकार चुनना होगा, फिर एक लिंक जनरेट होगा. इसके बाद उस लिंक को दोस्तों, परिवार या ऑफिस के साथियों के साथ शेयर किया जा सकेगा.
अगर सामने वाले व्यक्ति के फोन में वॉट्सऐप नहीं है, तो वह लिंक को सीधे वेब ब्राउजर में खोल सकेगा. इसके बाद कॉल वॉट्सऐप Web के जरिए शुरू हो सकती है. यानी ऐप इंस्टॉल करने या वॉट्सऐप अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी.
यह फीचर खास तौर पर उन ग्रुप्स के लिए उपयोगी हो सकता है, जहां कुछ लोग वॉट्सऐप इस्तेमाल करते हैं और कुछ नहीं. फैमिली कॉल, ऑनलाइन मीटिंग या टीम डिस्कशन में लोगों को जोड़ना भी आसान हो सकता है.
कॉल में किसे एंट्री मिलेगी, इसका कंट्रोल होस्ट के पास
Guest Calls में होस्ट को भी कुछ जरूरी कंट्रोल मिलने की बात सामने आई है. अगर कोई व्यक्ति Guest Link के जरिए कॉल में शामिल होने की कोशिश करता है, तो होस्ट उसकी रिक्वेस्ट को स्वीकार या रिजेक्ट कर सकेगा.
कॉल शुरू होने के बाद होस्ट लोगों को जोड़ या हटा भी सकेगा. जरूरत पड़ने पर पूरी कॉल को एक साथ खत्म करने का विकल्प भी मिल सकता है.
Privacy को लेकर क्या होगा?
रिपोर्ट के मुताबिक, Guest Calls में भी End-to-End Encryption का इस्तेमाल जारी रह सकता है. यानी वॉट्सऐप अपनी मौजूदा सिक्योरिटी को बनाए रखने की कोशिश कर रहा है.
हालांकि, यह फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है. फिलहाल Beta Testers को भी इसका प्रोटोटाइप उपलब्ध नहीं कराया गया है. वॉट्सऐप ने इसके आधिकारिक रोलआउट की कोई तारीख का भी ऐलान नहीं किया है.
अगर यह फीचर भविष्य में सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होता है, तो वॉट्सऐप पर कॉल में किसी को जोड़ना काफी आसान हो सकता है. बिना अकाउंट और बिना ऐप के कॉल जॉइन करने की सुविधा इसे Zoom और Google Meet जैसे प्लेटफॉर्म्स के मुकाबले भी ज्यादा सुविधाजनक बना सकती है.

