मेरठ। जानी के ग्राम कलंजरी में हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया है। अवैध संबंध बनाने के लिए मना करने पर भतीजे ने चाची को मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने कत्ल में प्रयोग हथियार के साथ भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है। कांफ्रेंस में एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि बुधवार को कुमुद शर्मा पत्नी राजू शर्मा निवासी कलंजरी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद जांच पड़ताल की गई। जिसमें भतीजे मानिक की हत्या करने की बात सामने आई। जिसके आधार पर पुलिस ने जांच पड़ताल करनी शुरू कर दी। एसपी देहात ने बताया कि नाजायज संबंध बनाने की कोशिश मानिक ने चाची कुमुद शर्मा के साथ की थी। कुमुद द्वारा विरोध किया गया और अपने बचाव में आरोपी मानिक भारद्वाज को थप्पड़ मारा गया। कुमुद ने मानिक से यह भी कहा कि इस हरकत के बारे में तुम्हारे माता पिता को बताऊंगी। इस बात को लेकर आरोपी मानिक भारद्वाज ने गुस्से में आकर अपनी चाची कुमुद शर्मा पर जानलेवा हमला करते हुए घर में ही रखे चाकू से गर्दन पर वार करके हत्या कर दी थी। मौके से हत्या में प्रयोग किया गया चाकू भी साक्ष्य के तौर पर बरामद कर लिया गया था। बरामद साक्ष्य के आधार पर आरोपी मानिक भारद्वाज को गिरफ्तार किया गया। हत्या करते वक्त मानिक के खुद के हाथ मे चाकू से आई चोटों और मृतका द्वारा विरोध करने पर आरोपी के सीने पर आई चोट आई है। पुलिस को मानिक के लगी चोट से भी उसके द्वारा हत्या का अंदेशा हो गया था। उसने पूछताछ में अपना जुर्म भी कबूल कर लिया।
