पटना: बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार को निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा और मशीन (बीम लॉन्चर) गिरने से कम से कम सात मजदूर घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि हादसा गुरुवार सुबह लालगंज क्षेत्र में हुआ, जब निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा गिर गया। 

सिंह ने बताया कि घटना में सात लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि मौके पर अधिकारी मौजूद हैं और घटना की जांच की जा रही है। यह पुल भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा बनाया जा रहा है। हादसे के बाद एनएचएआई ने एक बयान में कहा, “राष्ट्रीय राजमार्ग-139डब्ल्यू (एनएच-139डब्ल्यू) पर पुल निर्माण के दौरान मशीन (लॉन्चर) को स्थानांतरित करते समय बृहस्पतिवार को यह घटना हुई।” प्राधिकरण ने कहा कि हादसे में पुल की संरचना को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और कार्यस्थल पर मौजूद चार मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल निकटतम अस्पताल भेजा गया। इसने कहा कि परियोजना की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है। एनएचएआई ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों और कार्यप्रणालियों की पुन: समीक्षा की जा रही है। 


इस बीच, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने घटना को लेकर राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “बिहार में एक और पुल गिर गया। भ्रष्टाचार के बोझ तले निर्माणाधीन पुल ढहने से करीब आधा दर्जन मजदूर दब गए और घायल हुए हैं। कई मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।” तेजस्वी ने कहा, ”घटिया निर्माण सामग्री, खराब गुणवत्ता, मानकों की अनदेखी, निरीक्षण में अनियमितता और राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) नेताओं की भ्रष्ट भूमिका लगातार पुल गिरने की मुख्य वजह है। हमेशा की तरह भ्रष्ट राजग सरकार इस बार भी भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने का प्रयास करेगी।” 

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version