आम लोगों के लिए अगस्त में महंगाई का झटका बढ़ गया। देश में खुदरा महंगाई (Retail Inflation) यानी खाना, कपड़े, मकान का किराया, बिजली, पेट्रोल, स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन जैसी सभी वस्तुओं की महंगाई बढ़कर 4.82 फीसदी पहुंच गई, जो जुलाई में 4.45 फीसदी थी। वहीं, बात करें खाद्य मुद्रास्फीति (CFPI) यानी सिर्फ खाने पीने की चीजों जैसे अनाज, सब्जी, फल, दूध, तेल, मसाले, आदि की महंगाई 5.95 फीसदी पहुंच गई है। बढ़ती कीमतों ने घर के बजट पर दबाव बढ़ाया है। हालांकि, कुछ सब्जियां ऐसी है जिनके दामों में सालाना आधार पर गिरावट दर्ज की गई। लेकिन फिर भी आम नागरिकों को लिए चौंकाने वाली बात ये है कि खुदरा महंगाई लगातार तीसरे महीने RBI के 4 फीसदी के लक्ष्य से ऊपर रही है।

तीन महीने से RBI के लक्ष्य से ऊपर महंगाई

खुदरा महंगाई लगातार तीसरे महीने RBI के 4 फीसदी के लक्ष्य से ऊपर रही है। मई में यह 3.93 फीसदी थी, जो जून में 4.38 फीसदी और जुलाई में 4.45 फीसदी हो गई। अगस्त में बढ़कर यह 4.82 फीसदी पर पहुंच गई। नए CPI सीरीज में उपलब्ध आठ महीनों के आंकड़ों में यह सबसे ज्यादा महंगाई है।

प्याज, लहसुन और अदरक ने बढ़ाई परेशानी

खाने की चीजों में सबसे ज्यादा दबाव कुछ सब्जियों की कीमतों से आया। अगस्त में प्याज की महंगाई बढ़कर 48.27 फीसदी पहुंच गई, जो जुलाई में 22.54 फीसदी थी। लहसुन की महंगाई 35.36 फीसदी से बढ़कर 43.60 फीसदी हो गई। अदरक की कीमतें भी काफी ऊंची रहीं और इसकी महंगाई 73.82 फीसदी दर्ज की गई। ये तीनों सब्जियां पूरे अगस्त 2026 में पूरे भारत में सबसे ज्यादा महंगाई वाली 5 चीजों में शामिल हैं। इनके अलावा चांदी के आभूषणों की महंगाई 107.11 फीसदी, जबकि सोना, हीरा और प्लेटिनम के आभूषणों की कीमतें सालाना आधार पर 35.53 फीसदी अधिक रहीं।

टमाटर और आलू से मिली राहत

एक तरफ जहां अदरक, प्याज, लहसुन की कीमतों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली वहीं, कुछ सब्जियों ने आम लोगों को राहत भी दी। अगस्त 2026 में टमाटर की कीमतें सालाना आधार पर 31.09 फीसदी कम रहीं। वहीं, आलू की कीमतों में भी 13.14 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

ग्रामीण इलाकों में महंगाई ज्यादा

अगस्त में ग्रामीण क्षेत्रों में खुदरा महंगाई 5.23 फीसदी रही, जो जुलाई में 4.84 फीसदी थी। शहरी इलाकों में महंगाई 3.96 फीसदी से बढ़कर 4.31 फीसदी पहुंच गई। कुल मिलाकर खाद्य महंगाई जुलाई में 5.52 फीसदी से बढ़कर अगस्त में 5.95 फीसदी हो गई। यह महंगाई सिर्फ खाने तक सीमित नहीं रही। रेस्तरां और होटल सेवाओं की महंगाई 8.38 फीसदी रही। व्यक्तिगत देखभाल और अन्य सेवाओं की महंगाई 15.17 फीसदी दर्ज की गई।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version