हरियाणा – सोनीपत स्थित सिक्का कॉलोनी में 6 महीने के एक मासूम बच्चे पर पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. तस्वीरों में साफ़ देखा जा सकता है कि कुत्ता किस तरह मासूम पर झपटता है. इस हमले में बच्चा और उसे गोद में लिए हुए उसकी बुआ, दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज रोहतक पीजीआई में चल रहा है. इस घटना के बाद से कुत्ते के मालिक की लापरवाही पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

गली से गुजरते वक्त पिटबुल ने दबोचा

यह हादसा उस समय हुआ जब 6 महीने के मासूम को उसकी बुआ गली से लेकर कहीं जा रही थी. उसी दौरान अचानक एक पिटबुल कुत्ता बच्चे की तरफ तेजी से दौड़ता हुआ आया और उस पर झपट पड़ा. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि कुत्ता मासूम को बुरी तरह दबोच लेता है. बच्चे को बचाने के लिए उसकी बुआ ने काफी प्रयास किए, लेकिन इस कोशिश के दौरान कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया और उन्हें भी घायल कर दिया.

पिटबुल के इस भयानक हमले में 6 महीने का मासूम बुरी तरह घायल हो गया. परिजन तुरंत बच्चे को इलाज के लिए पास के अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. दिन-दहाड़े हुई इस घटना के बाद से इलाके के स्थानीय निवासियों में भारी दहशत और खौफ का माहौल बना हुआ है.

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल कुत्ते के मालिक की जिम्मेदारी को लेकर उठ रहा है. सवाल यह है कि पिटबुल जैसी खतरनाक नस्ल के कुत्ते को किस तरह से रखा जा रहा था और क्या उसके रखरखाव के लिए तय जरूरी नियमों का पालन किया जा रहा था? वहीं, पुलिस प्रशासन के अनुसार इस मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. फिलहाल मासूम की जान बचाना पहली प्राथमिकता है और उसका रोहतक पीजीआई में इलाज जारी है. 

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version