लुधियाना (राज): ललतों नहर क्षेत्र में उस समय भारी सनसनी फैल गई, जब नहर के निकट एक करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का  शव लावारिस हालत में पड़ा मिला। बेरहमी से की गई इस हत्या की सूचना मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया। राहगीरों की सूचना पर थाना सदर के एसएचओ भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की शुरू
मृतका के शरीर पर तेजधार हथियारों के गहरे व जानलेवा जख्म पाए गए हैं, जिससे साफ जाहिर होता है कि अज्ञात हत्यारों ने किसी अन्य स्थान पर दरिंदगी से उसका कत्ल किया और फिर सबूत मिटाने व पहचान छिपाने की नीयत से शव को ललतों नहर के सुनसान इलाके में लाकर फेंक दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा की गई प्राथमिक जांच में सामने आया कि मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष के आसपास है। अज्ञात हमलावरों ने महिला पर बेहद क्रूरता से हमला किया था। मृतका के पेट के अगले हिस्से और गर्दन के बाईं तरफ तेजधार हथियारों से किए गए गहरे वारों के स्पष्ट निशान मिले हैं। अत्यधिक खून बह जाने और गर्दन की नसें कटने के कारण महिला की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई प्रतीत होती है। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि वारदात को बहुत ही सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस 
महिला के पास से ऐसा कोई पर्स, मोबाइल या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी तत्काल शिनाख्त हो सके।हालांकि, पुलिस को मृतका के शरीर पर कुछ विशिष्ट पहचान चिह्न मिले हैं जो उसकी शिनाख्त में अहम कड़ी साबित हो सकते हैं, मृतका की दाईं बांह पर अंग्रेजी में “Money” गुदा (टैटू बना) हुआ है। मृतका की बाईं बांह पर 3 स्टार का टैटू बना हुआ है। पुलिस का मानना है कि इन टैटू की मदद से मृतका के परिजनों या परिचितों तक आसानी से पहुंचा जा सकता है। थाना सदर के एसएचओ ने बताया कि महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए शव को नियमानुसार 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। सभी थानों, पुलिस चौकियों और साथ लगते जिलों को मृतका के हुलिए, कपड़ों और टैटू की विस्तृत जानकारी भेज दी गई है। इसके साथ ही पिछले एक हफ्ते के भीतर दर्ज हुई युवतियों व महिलाओं की गुमशुदगी की फाइलों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नहर रोड और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शव को किस गाड़ी या साधन से लाकर यहां फेंका गया था। पुलिस का दावा है कि मृतका की शिनाख्त होते ही इस खूनी हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version