मुंबई। बॉम्बे IIT में 22 साल के साहिल रवींद्र वाकोडे की आत्महत्या के बाद स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। IIT बॉम्बे के डायरेक्टर शिरीष बी. केदारे ने जानकारी देते हुए बताया कि डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई जांच के बाद की जाएगी। वहीं इस मामले को IIT बॉम्बे ने माफी मांगी और कहा कि छात्र की मौत से जुड़ी परिस्थितियों के बारे में पहले दी गई जानकारी पर उसे खेद है।

क्या है पूरा मामला?

महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के रहने वाले साहिल वाकोडे, IIT बॉम्बे में एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में BTech दूसरे साल के छात्र थे। शुक्रवार शाम पवई स्थित कैंपस के हॉस्टल में उनका शव छत के पंखे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ घंटे पहले साहिल को मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए और ChatGPT पर प्रश्न पत्र अपलोड करते पकड़ा गया था।

साहिल के परिवार का आरोप

साहिल के परिवार और प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि उन्हें संस्थागत उत्पीड़न और जाति-आधारित भेदभाव का सामना करना पड़ रहा था छात्रों का दावा है कि परीक्षा में गड़बड़ी के बाद साहिल पर अत्यधिक मानसिक दबाव बनाया गया और उन्हें पढ़ाई से निलंबित करने की धमकी दी गई थी। 

साहिल के माता-पिता की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और SC/ST अधिनियम के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। इसमें एक प्रोफेसर को आरोपी बनाया गया है और मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है।

छात्रों का उग्र प्रदर्शन, प्रशासन ने मानी 18 मांगें

घटना के विरोध में 20 सितंबर को देर रात सैकड़ों छात्र IIT बॉम्बे के मुख्य गेट पर इकट्ठे हो गए। डायरेक्टर शिरीष केदारे ने खुद मौके पर पहुंचकर करीब तीन घंटे तक छात्रों से बातचीत की।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोपी प्रोफेसर को तुरंत निलंबित करने, निष्पक्ष जांच समिति गठित करने, सार्वजनिक माफी मांगने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने जैसी कई मांगें रखीं। प्रशासन ने छात्रों की सभी 18 मांगों को स्वीकार करते हुए उन पर सहमति जताई है। 

संस्थान का पक्ष और फैकल्टी फोरम का समर्थन

IIT बॉम्बे ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि साहिल से प्रोफेसरों ने बात की थी और उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि इस घटना का उनके करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा। वहीं, IIT बॉम्बे के फैकल्टी फोरम आरोपी प्रोफेसर के समर्थन में उतर आया है। फोरम का कहना है कि प्रोफेसर केवल संस्थान की सीनेट द्वारा स्वीकृत नियमों के तहत अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।

सुरक्षा के लिए हॉस्टल में बदले जाएंगे पंखे

IIT बॉम्बे के कैंपस में ये आत्महत्या का केस इस साल का तीसरा मामला है। लगातार होती घटनाओं को देखते हुए संस्थान ने हॉस्टल के कमरों से सीलिंग फैन हटाकर उनकी जगह दीवार पर लगने वाले फैन लगाने का फैसला किया है। इसके लिए पंखों का पहला बैच भी कैंपस पहुंच चुका है।

Share.

Comments are closed.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version