अहमदाबाद में भाजपा कार्यालय और सोमनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। खानपुर स्थित भाजपा के पुराने कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंची और परिसर की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल अहमदाबाद नगर पुलिस को मिला। इसमें खानपुर स्थित भाजपा कार्यालय के अलावा सोमनाथ मंदिर और कोबा स्थित भाजपा कार्यालय समेत कई अन्य स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल मिलने के बाद संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और जांच शुरू कर दी गई।
खानपुर भाजपा कार्यालय पहुंची पुलिस और बम निरोधक टीम
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम खानपुर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंची। अहमदाबाद अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। कार्यालय परिसर में संभावित खतरे को देखते हुए तलाशी अभियान चलाया गया। खानपुर स्थित भाजपा कार्यालय में जांच के दौरान नगर महापौर हितेश बरोट और भाजपा नगर महासचिव उमंग नायक भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सोमनाथ मंदिर और कोबा स्थित भाजपा कार्यालय में भी सुरक्षा जांच शुरू की।
ईमेल में मुख्यमंत्री और पुलिस को भी निशाना बनाने का दावा
पुलिस को मिले ईमेल में सोमनाथ मंदिर के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, भाजपा कार्यालय, पुलिसकर्मियों और रॉ एजेंसी को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ईमेल में अलग अलग स्थानों पर बम लगाए जाने का दावा भी किया गया है। धमकी भरे संदेश में हिंदुस्तान मुर्दाबाद और भाजपा मुर्दाबाद जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा पाकिस्तान जिंदाबाद और खालिस्तान जिंदाबाद जैसे नारे भी लिखे गए हैं।
धमकी भरे ईमेल की जांच शुरू
ईमेल सामने आने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिन स्थानों को धमकी में निशाना बनाए जाने की बात कही गई है, वहां सुरक्षा टीमों को भेजकर जांच की जा रही है। पुलिस ईमेल के स्रोत और धमकी की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी है।
बम धमकी के मामले पर क्या बोली पुलिस?
एसीपी अद्वैत गांधी ने कहा, “सुबह करीब 9 बजे हमें गांधीनगर स्थित राज्य खुफिया ब्यूरो से सूचना मिली कि खानपुर स्थित भाजपा केंद्रीय कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। अलर्ट मिलने के बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) ने कार्यालय की पूरी तरह से जांच की। स्थानीय स्तर पर जरूरी सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है और फिलहाल स्थिति सामान्य है।

