जालंधर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज जालंधर के परागपुर स्थित रैली स्थल से पंजाबियों को संबोधित कर रहे है।  यहां पंजाब के लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने सबसे पहले महान सिख गुरुओं की धरती को प्रणाम किया और अपने भाषण की शुरुआत की। अमित शाह ने कहा कि जालंधर आना उनके लिए सौभाग्य की बात है और पंजाब को नशे से दूर करने के लिए यहां आना उनके लिए परम सौभाग्य है। उन्होंने पंजाब के इतिहास और देश के प्रति पंजाबियों के योगदान का भी जिक्र किया। अमित शाह ने पंजाब के किसानों का जिक्र करते कहा कि वह देश के लिए अन्न पैदा करता है।

31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को चिट्टे के व्यापार से मुक्त कर देंगे
पंजाबियों ने देश की आजादी और सुरक्षा के लिए लगातार बलिदान दिए हैं। आजादी से पहले और आजादी के बाद भी देश के लिए पंजाब का योगदान अहम रहा है। रैली में अमित शाह ने पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में चिट्टे के कारोबार को खुलेआम चलने दिया गया और नशे के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं की गई। अमित शाह ने कहा कि “भाजपा का समर्थन करिए, 31 दिसंबर 2029 से पहले पंजाब को चिट्टे के व्यापार से मुक्त कर देंगे।” उन्होंने कहा कि पंजाब को नशे से मुक्त करने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

सरकार विज्ञापनों पर 785 करोड़ रुपए कर रही खर्च 
उन्होंने पंजाब सरकार के विज्ञापन खर्च पर भी सवाल उठाया। शाह ने दावा किया कि सरकार हर साल 785 करोड़ रुपये विज्ञापनों पर खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पंजाब की जनता से कई वादे किए थे और अब उन वादों का हिसाब देना चाहिए। 785 करोड़ रुपये के विज्ञापन खर्च का आरोप अमित शाह ने इससे पहले मार्च 2026 की मोगा रैली में भी लगाया था।

16 मेडिकल कॉलेज बनाने का वादा भी पूरा नहीं
अमित शाह ने 25 लाख नौकरियां देने के वादे का जिक्र करते हुए पूछा कि इस वादे का क्या हुआ। उन्होंने 16 हजार क्लीनिकों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि केवल क्लीनिक बनाने से बात पूरी नहीं होती, बल्कि 16 मेडिकल कॉलेज बनाने का वादा भी पूरा नहीं हुआ।

हरियाणा में किसानों को MSP दिया गया
उन्होंने खनन से होने वाली आय बढ़ाने के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के दौरान यह आय बढ़ने के बजाय कम हुई। शाह ने 26 फसलों पर MSP देने के वादे का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि पंजाब में यह वादा पूरा नहीं हुआ, जबकि हरियाणा में किसानों को MSP दिया गया। अमित शाह ने सिख विरोधी दंगों से जुड़े पीड़ितों को आर्थिक सहायता देने के मुद्दे पर भी पंजाब सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि इस संबंध में किए गए वादे पूरे नहीं हुए।

भाजपा की 13 दिन की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के समापन के मौके पर जालंधर में यह रैली आयोजित की गई। यात्रा 18 सितंबर को शुरू हुई थी और पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों से होकर करीब 4,000 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद जालंधर पहुंची।

Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930  
Exit mobile version