Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बुधवार को तुलसीपुर-बलरामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक टैंकर और कार की आमने-सामने की टक्कर में कार सवार मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि मृतक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पुलिस के अनुसार, तुलसीपुर चीनी मिल के मैनेजर श्याम नारायण (45) अपनी मां कैलाशी देवी (62) और पत्नी वंदना चौधरी (42) के साथ इलाज के लिए कार से लखनऊ जा रहे थे। बलरामपुर चुंगी नाका के पास उनकी कार सामने से आ रहे टैंकर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि हादसे में श्याम नारायण और कैलाशी देवी की मौत हो गई, जबकि वंदना गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) अभिषेक सिंह ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। टैंकर को जब्त कर लिया गया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

