पहाड़पुर (पूर्वी चंपारण)। East Champaran Drowning News: जिले के पहाड़पुर थाना क्षेत्र की इनरवाभार पंचायत के बनकट गांव में शुक्रवार सुबह तालाब में नहाने के क्रम में डूबने से चार नाबालिग बच्चियों की मौत हो गई।

हादसा वार्ड नंबर सात स्थित गीदा चवर में हुआ। घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

चार बच्चियों की मौत

मृतकों की पहचान बनकट गांव निवासी प्रमोद महतो की 13 वर्षीय पुत्री सोनामति कुमारी, 10 वर्षीय पुत्री फूलनति कुमारी, अच्छेलाल महतो की छह वर्षीय पुत्री प्रतिभा कुमारी और वीरेंद्र महतो की 10 वर्षीय पुत्री कृति कुमारी के रूप में हुई है।

बताया गया कि कृति के माता-पिता दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं और घटना के समय दोनों वहीं थे। हादसे के बाद मृत बच्चियों के स्वजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

अंतिमा ने दी जानकारी

बताया गया कि शुक्रवार सुबह पांच बच्चियां घर के पीछे की ओर गई थीं। कुछ देर बाद सात वर्षीय अंतिमा कुमारी अकेले घर लौटी और परिजनों को चार बच्चियों के तालाब में डूबने की जानकारी दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण बदहवास होकर तालाब की ओर दौड़े और बच्चियों की तलाश शुरू की।

प्रशासन की टीम पहुंची

घटना की सूचना मिलने पर नवपदस्थापित थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार, बीडीओ अखिलेश कुमार, सीओ रामसेवक पासवान और राजस्व पदाधिकारी आरती कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों की मदद से तालाब से चारों बच्चियों को बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव

थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया गया है।

सीओ रामसेवक पासवान ने बताया कि घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्राकृतिक आपदा मद से मृत बच्चियों के आश्रितों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया की जाएगी।

एक साथ चार बच्चियों की मौत से बनकट गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। ग्रामीण इस हादसे से सदमे में हैं। मृत बच्चियों के घरों में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031  
Exit mobile version