अनूपपुर : मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय में तहसील के पास स्थित वेयरहाउस से 24 ईवीएम चोरी हो गई है। इनमें 8 बैलेट, 16 कंट्रोल यूनिट हैं। बताया जा रहा है कि ये मशीनें 2014 से स्थानीय चुनावों के लिए सुरक्षित रखी गई थी। अनूपपुर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। दर्ज शिकायत के अनुसार 16 मार्च 2026 को वेयरहाउस में निरीक्षण के दौरान 620 कंट्रोल यूनिट और 1,620 बैलेट यूनिट पाई गई थीं। तहसील भवन के डिसमेंटल के दौरान ईवीएम को इसी माह पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास तहसील कार्यालय में बनाए गए वेयरहाउस में शिफ्ट किया गया।
24 से 28 सितंबर तक चले भौतिक सत्यापन के दौरान आठ बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट कम मिलीं। इस प्रकार कुल 24 ईवीएम गायब पाई गईं। आशंका है कि तहसील भवन के डिसमेंटल के दौरान अज्ञात चोरों ने मशीनें चोरी कर लीं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि ईवीएम मशीनों के न मिलने की शिकायत प्राप्त हुई है। इन मशीनों के सीरियल नंबर भी शिकायत में दर्ज किए गए हैं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
खास बात यह कि चोरी ऐसे समय में हुई है जब दो दिन पहले मध्य प्रदेश के 103 पदों पर उपचुनाव संपन्न हुए हैं। ऐसे में राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
बता दें कि मध्यप्रदेश में पंचायत उपचुनाव के तहत 29 सितंबर मंगलवार को 103 पदों के लिए मतदान हुआ है। इनमें 04 पंच, 79 सरपंच, 15 जनपद पंचायत सदस्य और पांच जिला पंचायत सदस्य पद शामिल हैं।

