बिहार – बेगुसराय जिले से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां इंस्टाग्राम पर फोटो लगाने से मना करने पर एक शख्स ने पति-पत्नी को सोए अवस्था में गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है. घायल अवस्था में दोनों को इलाज के लिए बेगूसराय के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पत्नी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
यह घटना जिले के बखरी थाना क्षेत्र के मौजी गांव की है. घायल पति-पत्नी की पहचान साहेवपुर कमाल थाना क्षेत्र के सनहा गांव के रहने वाले छोटू कुमार और पत्नी करिश्मा कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि करिश्मा और उसका पति छोटू कुमार पिछले 6 महीने से अपने ससुराल मौजी गांव में रह रहा था. घायल पति ने बताया कि मेरे ससुराल के गांव के रहने वाले जितेंद्र यादव ने मेरी पत्नी की फोटो इंस्टाग्राम पर लगा दी थी.
बेगूसराय के सदर अस्पताल में भर्ती हैं दंपत्ति
छोटू कुमार ने बताया कि इंस्टाग्राम से फोटो डिलीट करने के लिए जितेंद्र यादव को कहा गया था. उसने फोटो डिलीट भी कर दी थी. उसके बाद हम पति-पत्नी घर में सोए हुए थे. तभी जितेंद्र यादव आया और जान मारने की नीयत से मुझे और उसके बाद मेरी पत्नी को गोली मारी दी. दोनों को गोली लगने के बाद इलाज के लिए बेगूसराय के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पत्नी की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
करिश्मा कुमारी 3 महीने की गर्भवती है
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र यादव ने आवेश में आकर दंपत्ति को गोली मार दी. छोटू कुमार की पत्नी करिश्मा कुमारी 3 महीने की गर्भवती है. फिलहाल ये घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. वहीं, इंस्टाग्राम पर फोटो डिलीट करने की एवज में गोली मारकर पति-पत्नी को घायल करने के बाद पुलिस भी पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है.

