पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार क्रेटा कार ने सड़क किनारे चल रहे बुजुर्ग दंपती को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि 79 वर्षीय बुजुर्ग उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरे, जबकि उनकी 71 वर्षीय पत्नी सड़क किनारे जा गिरीं। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में चल रहा इलाज
पुलिस ने कार ड्राइवर 49 वर्षीय नवलीन कौर को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्घटना में शामिल क्रेटा कार (डीएल9सीएआर 2591) को भी जब्त कर लिया गया है। बुजुर्ग दंपती का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां पति की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तेज रफ्तार क्रेटा ने मारी टक्कर
पुलिस के अनुसार, हादसा दो अक्टूबर की सुबह करीब पौने नौ बजे आर्य समाज मंदिर, कीर्ति नगर के पास हुआ। दयानंद तगरा और उनकी पत्नी कुसुम तगरा धार्मिक स्थल से लौटकर घर के पास पहुंचे थे और सड़क के बाईं ओर चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार क्रेटा ने दोनों को टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल
हादसे का सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें क्रेटा कार को सड़क की बाईं ओर चल रहे दंपती को पीछे से टक्कर मारते देखा जा सकता है। टक्कर लगने के बाद दयानंद तगरा उछलकर सड़क पर दूर जा गिरते हैं, जबकि कुसुम तगरा सड़क किनारे गिर जाती हैं।
फुटेज में यह भी दिख रहा है कि टक्कर के बाद महिला ड्राइवर कार से उतरती है और कुछ सेकेंड तक घायल बुजुर्ग को देखती है। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बजाय वह कार लेकर मौके से चली जाती है।
पुलिस ने जांच के बाद महिला ड्राइवर की पहचान नवलीन कौर के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटना में शामिल कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। हादसे में घायल दयानंद तगरा और कुसुम तगरा का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, दयानंद तगरा को गंभीर चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है, जबकि कुसुम तगरा की हालत में सुधार बताया जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

