गुवाहाटी यूनिर्सिटी की छात्रा निमिषा ठाकुरिया की मौत के मामले में आरोपी आशिक अली पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया. यह घटना मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे धारापुर इलाके में हुई. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश की, जिसके बाद उसे रोकने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी.
गोली लगने के बाद आशिक अली को इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) ले जाया गया. उसे सुबह करीब 5:35 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में इलाज करा रहा है.
पैर में लगी दो गोलियां
GMCH के अधीक्षक के मुताबिक, आशिक अली के दाहिने पैर में दो जगह गोली लगी है. एक गोली घुटने के नीचे और दूसरी पिंडली में लगी. डॉक्टरों के अनुसार, दोनों गोलियां पैर को आर-पार करते हुए निकल गईं.
आशिक अली की 8 दिन की पुलिस हिरासत मंगलवार को खत्म होनी थी. रिमांड पूरी होने के बाद उसे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी यानी CJM की अदालत में पेश किया जाना था.
इससे कुछ घंटे पहले ही पुलिस फायरिंग में उसके घायल होने की घटना सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, उसे हिरासत से बाहर ले जाने के दौरान उसने भागने की कोशिश की थी.
क्या है निमिषा ठाकुरिया की मौत का मामला?
यह मामला 25 सितंबर को सामने आया था, जब धारापुर स्थित रुद्राक्ष होमस्टे से गुवाहाटी विश्वविद्यालय की छात्रा निमिषा ठाकुरिया का शव बरामद हुआ था. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, निमिषा अपने कथित प्रेमी आशिक अली के साथ होमस्टे गई थी. वहां एक कमरे के अंदर युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी.
इस घटना के बाद पुलिस ने आशिक अली को हिरासत में लिया. इसके बाद उससे पूछताछ की जा रही थी और उसे पुलिस रिमांड पर रखा गया था.
अब रिमांड खत्म होने से ठीक पहले पुलिस फायरिंग में उसके घायल होने से मामले में एक नया मोड़ आ गया है. पुलिस के एनकाउंटर के दावे और घटना की परिस्थितियों को लेकर आगे की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि आखिर उस समय क्या हुआ था.

