पटना: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विधान परिषद चुनाव से पहले मंगलवार को बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। वह 23 अक्टूबर को होने वाले बिहार विधान परिषद के महत्वपूर्ण चुनावों के मद्देनजर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रत्याशियों से मुलाकात करेंगे। नवीन के पटना पहुंचने पर राज्य सरकार के कई मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, नवीन पार्टी के वरिष्ठ राज्य नेताओं और विधान परिषद चुनाव में पार्टी के प्रत्याशियों से मुलाकात कर सकते हैं। परिषद चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का मंगलवार अंतिम दिन है। 23 अक्टूबर को विधान परिषद की आठ सीटों के लिए मतदान होगा। इनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।
नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार नौ अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी। भाजपा ने हाल में विधान परिषद की आठ में से चार सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। इनमें से तीन मौजूदा विधान पार्षद हैं, जो अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से दोबारा चुनाव लड़ेंगे। इससे पहले बिहार में पांच दलों वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के दूसरे सबसे बड़े घटक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने शेष चार निर्वाचन क्षेत्रों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी।
भाजपा के उम्मीदवारों में मौजूदा विधान पार्षद नवल किशोर यादव, डॉ. एन.के. यादव और सर्वेश कुमार शामिल हैं। नवल किशोर यादव पटना शिक्षक, डॉ. एन.के. यादव कोसी स्नातक और सर्वेश कुमार तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पुनर्निर्वाचन की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा भाजपा ने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया है। यह सीट फिलहाल विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के संजय कुमार सिंह के पास है।

