पंजाब डेस्क: पंजाब में बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। कई इलाकों में तापमान गिरने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। फिलहाल अगले दो दिन मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद राज्य के कुछ हिस्सों में फिर से बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 10 और 11 अक्टूबर के लिए पंजाब के 7 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार 8 और 9 अक्टूबर को पंजाब के किसी भी जिले में खराब मौसम को लेकर कोई चेतावनी नहीं है। इस दौरान मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं, 10 और 11 अक्टूबर को कुछ जिलों में मौसम बदल सकता है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन 7 जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 अक्टूबर को पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में रहने वाले लोगों को मौसम में होने वाले बदलाव के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
12 अक्टूबर से फिर साफ होगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 12 अक्टूबर से पंजाब में मौसम फिर साफ हो जाएगा। इसके बाद किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

