मानसा। परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में आरोपी को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन आम जनता और विभिन्न संगठनों का गुस्सा अभी भी शांत होने का नाम नहीं ले रहा। बुधवार सुबह से ही मेडिकल शॉप के बाहर एकत्रित हुए सिख संगठनों के लोगों ने मेडिकल शॉप में तोड़फोड़ की और बाद में आग लगा दी है। वहीं, प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसके घर पर बुलडोजर चला दिया है।
दरअसल, आरोपी की गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद से ही इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुबह होते ही आरोपी की दुकान के बाहर भारी संख्या में लोगों जमावड़ा लग गया। सुरक्षा को देखते हुए इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है। एसएसपी मानसा वैभव चौधरी खुद स्थिति को संभाले हुए हैं।
बुलडोजर से अवैध निर्माण गिराया गया।
प्रशासन ने गिराया अवैध निर्माण
प्रशासन ने उसके घर और दुकान के अवैध निर्माण को गिराया है। बुलडोजर अश्विनी कुमार के घर की तरफ बड़ा और अवैध निर्माण को गिराना शुरू कर दिया। इस दौरान भरी संख्या में लोग भी अश्विनी कुमार के घर के बाहर भी इकट्ठे हुए।
मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी का कहना है कि हम यहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौजूद हैं। प्रशासन की ओर से यहां कार्रवाई की जा रही है। हमें इस संबंध में सूचना मिली थी, इसलिए हम कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल के साथ यहां आए हैं। यहां अवैध निर्माण को लेकर इनपुट मिला था और उसी सिलसिले में यह कार्रवाई की जा रही है।
मौजूद संगठनें की तरफ से दुकान में लगा दी गई आग।
संगठनों ने दुकान की तहस-नहस
वहीं, दूसरी तरफ निहंग सिंह संगठनों और लोगों का सब्र जवाब दे गया। प्रदर्शनकारियों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए आरोपी की दुकान को पहले तहस नहस किया। जैसे ही प्रशासन ने दुकान पर बुलडोजर चलाया उसके तुरंत बाद प्रदर्शनकारियों ने फिर केमिस्ट शॉप को आग लगा दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि हालात और अधिक न बिगड़ें।

