नई दिल्ली। महाराष्ट्र सरकार ने कोरोना वैक्सीन की कमी का दावा किया है. राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने आज कहा कि कोविड-19 के टीके की 14 लाख खुराकें ही बची हुई हैं जो तीन दिन ही चल पाएंगी. उन्होंने कहा कि टीकों की कमी के कारण कई टीकाकरण केंद्र बंद करने पड़ रहे हैं. महाराष्ट्र सरकार के इन दावों को केंद्र सरकार ने सिरे से खारिज कर दिया है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा, महाराष्ट्र सरकार द्वारा जिम्मेदारी से कार्य न करना समझ से परे है. लोगों में दहशत फैलाना मूर्खता है. वैक्सीन आपूर्ति की निगरानी लगातार की जा रही है और राज्य सरकारों को इसके बारे में नियमित रूप से अवगत कराया जा रहा है. डॉ. हर्षवर्धन ने सभी उम्र के लोगों को कोरोना की वैक्सीन दिए जाने की मांग को ध्यान भटकाने का प्रयास बताया. बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई नेताओं ने सभी उम्र के लोगों को कोरोना की वैक्सीन दिए जाने की मांग की है.

